कैलाश प्रकाश स्टेडियम में बनेगी मॉडल शूटिंग रेंज, प्रोजेक्ट को मिली हरी झंडी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में मॉडल शूटिंग रेंज तैयार होगी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आले हैदर बीते दिनों इस प्रोजेक्ट को लेकर मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम से मिले थे। उन्होंने मॉडल शूटिंग रेंज को हरी झंडी दे दी है। जल्द ही यहां 10 मीटर की अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस शूटिंग रेंज में खिलाड़ी अभ्यास करते दिखेंगे।
विश्व स्तरीय चैंपियनशिप में पिछले दिनों मेरठ के शूटरों ने अपना लोहा मनवाया। एक बार फिर यह साबित हुआ कि पश्चिम में खेल प्रतिभाओं की भरमार है। लेकिन यहां की प्रतिभाओं को दूसरे शहरों में जाकर अभ्यास करना पड़ रहा है। हाल ही में क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर ने इस मामले को लेकर मंडलायुक्त से मुलाकात की। उन्होंने शूटरों का दर्द बयां किया। उन्होंने कहा कि मेरठ में शूटिंग के बेहतर भविष्य की संभावना बढ़ गई है। अगर शूटिंग रेंज का निर्माण हो जाये तो शहर की प्रतिभाओं को दूसरे शहर नहीं जाना पड़ेगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी के इस प्रस्ताव पर आयुक्त भी सकारात्मक दिखीं। उन्होंने मौखिक रूप से शूटिंग निर्माण की जानकारी ली और जल्द इस प्रस्ताव को तैयार कर उनके समक्ष प्रस्तुत करने को कहा। दो दिन पहले प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री चेतन चौहान के समक्ष भी यह मुद्दा उठाया गया था। चेतन चौहान ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सराहते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया था।
दस लाख रुपये से बनेगी शूटिंग रेंज
वर्तमान में खिलाड़ियों की सहूलियत को देखते हुए स्टेडियम में एक अस्थाई शूटिंग रेंज का संचालन तरणताल के नीचे कराया जा रहा है। यहां हर रोज काफी युवा शूटर अभ्यास के लिए पहुंच रहे हैं। छह टार्गेट की व्यवस्था बनायी गई है। अत्याधुनिक शूटिंग रेंज करीब 25 टार्गेट से लैस रहेगी। इसके अलावा अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं भी खिलाड़ियों को रेंज में मिलेंगी।
मॉडल शूटिंग रेंज के लिए करीब 10 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कराया है। सालों से शहर की शूटिंग प्रतिभाएं ऐसी रेंज का इंतजार कर रही हैं। आयुक्त ने सकारात्मक रूख दिखाया है। वह शूटिंग रेंज के लिए धनराशि उपलब्ध कराएंगी। इसके अलावा पांच लाख की लागत से स्टेडियम की सड़क का निर्माण भी होगा। एमडीए अपने स्तर से इस सड़क का निर्माण करेगा। -आले हैदर, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी, मेरठ।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/