नेशनल पुलिस एथलेटिक्स में छाए हिमाचल पुलिस कांस्टेबल दिनेश
दिल्ली में हुई राष्ट्रीय पुलिस एथलेटिक्स मीट में प्रदेश पुलिस के जवान दिनेश ने उम्दा प्रदर्शन किया है। राष्ट्रीय एथलेटिक्स मीट में दिनेश ने 800 मीटर में चौथा, 1500 मीटर में छठा स्थान हासिल किया है। इससे पूर्व अक्तूबर में धर्मशाला में हुई पुलिस मीट में दिनेश को बेस्ट एथलीट घोषित किया गया था।
वे अब फरवरी में होने वाले नेशनल गेम्स और मार्च में होने वाले फेडरेशन कप की तैयारी करेंगे। कांगड़ा के ज्वालाजी से संबंध रखने वाले कांस्टेबल दिनेश कुमार साल 2011 में छठी भारतीय आरक्षित वाहिनी में भर्ती हुए, जबकि वर्तमान में किन्नौर में सेवाएं दे रहे हैं।
दस से 14 दिसंबर तक दिल्ली में 67वीं राष्ट्रीय पुलिस एथलेटिक्स मीट में उन्होंने हिमाचल पुलिस से भाग लिया। इससे पूर्व दिनेश ने साल 2017 में चेन्नई में हुए नेशनल गेम्स में सातवां रैंक हासिल किया था।
इसमें छह अंतरराष्ट्रीय एथलीट ने भी भाग लिया था। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय कोच केएस पटियाल और पुलिस के तमाम अधिकारियों को दिया, जिन्होंने एथलेटिक्स में आगे बढ़ने के लिए सहयोग किया।