50वीं पुलिस स्पोर्ट्स मीट में दूसरे दिन केंद्रीय इकाई ने जमाई धाक
पुलिस मैदान धर्मशाला में 50वीं पुलिस स्पोर्ट्स मीट के दूसरे दिन केंद्रीय इकाई ने धाक जमाई। केंद्रीय इकाई ने 5 से ज्यादा इवेंट में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया। दक्षिणी खंड की टीमों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी उम्दा रहा।
मीडिया संयोजक आईएएस विमल गुप्ता ने बताया कि तीन दिवसीय स्पोर्ट्स मीट के दूसरे दिन वॉलीबाल में दक्षिणी ने मध्य खंड को 3-2 और केंद्रीय इकाई ने उत्तरी खंड को 3-1 से मात दी।
बास्केटबाल में मध्य खंड ने दक्षिणी खंड को 71-49, केंद्रीय इकाई ने उत्तरी खंड को 65-37 और दक्षिणी खंड ने उत्तरी खंड को 51-26 के अंतर से पराजित किया।
हैंडबाल में केंद्रीय इकाई ने उत्तरी खंड को 22-16 और मध्य खंड ने दक्षिणी खंड को 29-19 के अंतर से पराजित किया। फुटबाल में केंद्रीय इकाई ने मध्य खंड को 2-1 से हराया। कबड्डी में केंद्रीय इकाई ने उत्तरी खंड को 57-26 से हराया।
400 मीटर दौड़ में भानू, 1500 में दिनेश का कब्जा
दूसरे दिन पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में दक्षिणी खंड के भानू प्रकाश प्रथम, उत्तरी खंड के हरीश कुमार द्वितीय, केंद्रीय इकाई के चेतन तृतीय रहे। 1500 मीटर दौड़ में दक्षिणी खंड के दिनेश प्रथम, मध्य खंड के अमनदीप द्वितीय और उत्तरी खंड के राकेश कुमार तृतीय रहे।
महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में उत्तरी खंड की रजनीश प्रथम, मध्य खंड की मधु द्वितीय, उत्तर खंड की चेतना तृतीय रहीं।पुलिस राजपत्रित अधिकारियों की लॉन टेनिस प्रतियोगिता में उप पुलिस अधीक्षक अमित ठाकुर ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार को 6-5 और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शमशेर सिंह ने उप पुलिस अधीक्षक हेमंत ठाकुर को 7-5 के अंतर से हराया।
फुटबाल खेलने मैदान में नहीं उतरा दक्षिणी खंड
फुटबाल के दो मुकाबलों में दक्षिणी खंड की टीम मैदान में नहीं उतरी। दक्षिणी खंड का पहला मुकाबला उत्तरी खंड से था, जबकि दूसरा मुकाबला केंद्रीय इकाई के साथ था। दक्षिणी खंड के मैदान में उतरने के कारण दोनों टीमों को विजेता घोषित किया गया।
12 किलोमीटर होगी क्रॉस कंट्री
सोमवार सुबह साढ़े सात बजे क्रॉस कंट्री होगी। यह दौड़ योल से शुरू होकर क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में खत्म होगी। सोमवार को वॉलीबाल, बास्केटबाल, हैंडबाल, फुटबाल और कबड्डी के सेमीफाइनल सुबह आठ बजे खेले जाएंगे। इसके बाद फाइनल होंगे।