Tokyo Olympics: हॉकी में भारत की दूसरी जीत, स्पेन को 3-0 से दी पटखनी
हॉकी में भारत ने पदक जीतने की उम्मीद बरकरार रखी है। आज तीसरे मैच में भारतीय हॉकी टीम ने स्पेन को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से रौंद दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।
विस्तार
टोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने पदक जीतने की उम्मीद बरकरार रखी है। भारत ने आज अपने तीसरे हॉकी मैच में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए स्पेन को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हरा दिया। मैच के दौरान भारत ने ताबड़तोड़ हॉकी खेली। टीम इंडिया के तेज आक्रमण और मजबूत रक्षा पंक्ति के आगे प्रतिद्वंदी स्पेन की एक न चली। भारत को इस मुकाबले में जीत दिलाने में रुपिंदर पाल और सिमरनजीत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम इंडिया की तरफ से रुपिंदर पाल ने दो और सिमरनजीत ने एक गोल दागा।
इससे पहले भारत को दूसरे हॉकी मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 7-1 से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। वहीं अपने पहले हॉकी मैच में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड पर जीत दर्ज की थी। पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 3-2 से हराया था।
A comfortable win for #TeamIndia against #Spain.
विज्ञापन विज्ञापन
Final Score
India - 3
Spain -0
India inch closer to a quarter-final berth. Graham Reid's men take on Argentina and Japan in the group stages next.#Cheer4India pic.twitter.com/r7KCl2FQfL — SAIMedia (@Media_SAI) July 27, 2021
स्पेन के खिलाफ भारत ने बिलकुल बदले अंदाज में हॉकी खेली। जहां दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम लय में नहीं थी वहीं स्पेन के विरुद्ध अलग रंग में दिखी। इस मैच में भारत ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए मैदानी गोल दागे, सफल पेनाल्टी स्ट्रोक लगाए उसके अलावा पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया।
भारत की तरफ से पहले क्वार्टर के 14वें मिनट में सिमरनजीत सिंह ने गोल किया। इसके बाद भारत को एक पेनाल्टी कॉर्नर भी मिला जिस पर रुपिंदर पाल ने गोल दागा। इसके बाद भारत पहले क्वार्टर में 2-0 से आगे हो गया।
वहीं दूसरे और तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर पाईं। जबकि चौथे क्वार्टर में भारत की तरफ से रुपिंदर पाल सिंह ने 51वें मिनट में गोल कर भारत को 3-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भारत ने स्पेन को 3-0 से हरा दिया।