कोचों के लिए लेवल वन का कोर्स शुरू करेगा हॉकी इंडिया, कर्मियों के लिए आरोग्यसेतु app जरूरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हॉकी इंडिया भारतीय कोचों के लिए सोमवार से लेवल एक के कोचिंग कोर्स का ऑनलाइन संचालन करेगा। यह कोर्स हॉकी की वैश्विक संस्था अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के सहयोग से चलाया जाएगा। ऑनलाइन सत्र का संचालन एफआईएच के शिक्षक करेंगे और हॉकी इंडिया का लेवल दो का कोच प्रमाण पत्र रखने वाले की इस कोर्स में हिस्सा लेने के योग्य होंगे।
हॉकी इंडिया ने कहा, 'कुल नौ उम्मीदवारों ने एफआईएच अकादमी- हॉकी इंडिया कोचिंग एजुकेशन पाथवे लेवल वन कोचिंग कोर्स के लिए नामांकन कराया है जो 11 मई 2020 से 15 मई 2020 के बीच होगा। प्रत्येक उम्मीदवार की योग्यता का विश्लेषण होगा और उसे कोर्स के अंत में एफआईएच लेवल एक कोच प्रमाण पत्र दिया जाएगा।'
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा कि उन्हें खुशी है कि भारतीय कोच लॉकडाउन के इस समय का इस्तेमाल अपने कौशल में सुधार के लिए कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘एफआईएच अकादमी- हॉकी इंडिया कोचिंग एजुकेशन पाथवे लेवल वन ऑनलाइन कोचिंग कोर्स से भारतीय कोचों को बेहतर होने में काफी मदद मिलेगी जिससे मैदान पर बेहतर नतीजे मिलेंगे।’
ऑफिस आने से पहले आरोग्यसेतु ऐप पर सेल्फ चेकअप जरूरी
कोविड-19 महामारी के मद्देनजर हॉकी इंडिया ने अपने कर्मचारियों से कहा है कि वे कार्यालय आने से पहले 'आरोग्यसेतु' ऐप पर अपने स्वास्थ्य की स्थिति की समीक्षा करें और तभी यात्रा करें जब उनकी स्थिति 'सुरक्षित' या 'कम जोखिम' में हो।
कोरोना वायरस (Coronavirus) महामारी के प्रसार को रोकने के लिए हॉकी इंडिया के इस परामर्श को कार्यालय आने वाले सभी कर्मचारियों को मानना होगा।
परामर्श में कहा गया, 'भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग से जारी निर्देश के मुताबिक, सभी कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन पर 'आरोग्यसेतु' ऐप तुरंत डाउनलोड करना चाहिए।'
उन्होंने कहा, 'कार्यालय के लिए यात्रा शुरू करने से पहले उन्हें इस ऐप पर अपनी स्थिति की समीक्षा करनी चाहिए। यात्रा तभी शुरू करनी चाहिए जब ऐप में उनकी स्थिति 'सुरक्षित' या 'कम जोखिम' में हो।' परामर्श में कहा गया, 'अगर ऐप में कर्मचारी की स्थिति 'मध्यम' या 'अधिक जोखिम' की है तो उसे या तो 14 दिनों तक या ऐप पर सुरक्षित या कम जोखिम दिखने तक अकेले रहना चाहिए।'