हॉकी : दोनों वर्गों में विकास इंटर कॉलेज की 2-0 और 8-0 से एकतरफा जीत, पढ़ें खेल की खबरें
वाराणसी के विभिन्न स्थानों पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है। यहां के कई खिलाड़ी बाहर जाकर भी खेल में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। जीते हुए खिलाड़ियों को सम्मान के साथ प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Sports News in Hindi: 65वीं जनपदीय सब जूनियर बालक और बालिका वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल शुक्रवार को लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में खेला गया। इसके दोनों वर्ग में विकास इंटर काॅलेज की टीम विजेता बनी। बालिका टीम ने आठ गोल से और बालक वर्ग ने दो गोल से एकतरफा जीत हासिल की।
फाइनल मुकाबले में बालक वर्ग की टीम ने गंगापुर इंटर काॅलेज को 2-0 से और बालिका वर्ग में लाल बहादुर शिक्षण संस्थान को 8-0 हराया। लालपुर स्टेडियम में खेले गए बालक वर्ग में विजेता टीम की ओर से शुभम कुमार पटेल और ईशान कुमार पटेल ने एक-एक गोल किए, जबकि बालिका वर्ग में तनु यादव, सोनल सिंह, मोनिका गुप्ता और सृष्टि पटेल ने दो-दो गोल किए।
तनु यादव और शुभम पटेल को क्रमश: बालक बालिका वर्ग का सर्वोत्तम खिलाड़ी घोषित किया गया। निर्णायक की भूमिका घनश्याम चोटीवाला और मोहम्मद जावेद ने निभाई। समापन समारोह के मुख्य अतिथि ओलंपियन ललित उपाध्याय और विशिष्ठ अतिथि अनूप कुमार मिश्र ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। संचालन प्रेम शंकर तिवारी, धन्यवाद ज्ञापन डॉ रघुराज सिंह ने किया। इस मौके पर डॉ शम्स तबरेज शंपू, सर्वेश सिंह, राजेश सिंह, दिलीप, अमर सिंह मौजूद रहेे।
किसी की कॉपी करने की जगह अपनी स्टाइल में खेलें
लालपुर स्टेडियम में हॉकी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए ओलंपियन ललित उपाध्याय ने कहा कि खेल में किसी की नकल करने की बजाय खिलाड़ी को अपना स्टाइल विकसित करना चाहिए। अपनी कमजोरी को कम करने और मजबूती को और निखारने के लिए लगातार काम करें। उन्होंने कहा कि हॉकी के लोटदार पावर के साथ तकनीक पर आधारित खेल हैं। खिलाड़ी को कुशल कोच की देखरेख में अभ्यास करना चाहिए।
दो वर्ष बाद टर्फ पर लौटे खिलाड़ियों ने अच्छी तकनीक के साथ मैच खेला। जल्द ही वाराणसी में हॉकी लीग कराई जाएगी। - एके सिंह अध्यक्ष, हॉकी वाराणसी
जूडो क्लस्टर में यूपी पुलिस मेरठ जोन विजेता, पीएसी पश्चिमी जोन उपविजेता
भुल्लनपुर स्थित 34वीं वाहिनी पीएसी परिसर में 50वीं यूपी पुलिस वार्षिक प्रतियोगिता जूडो क्लस्टर खेली गई। इसमें पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान शुक्रवार को अमृत सरोवर के समीप आयोजित समारोह में हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश पुलिस के अलग-अलग 12 जोन के 591 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। महिला और पुरुष दोनों वर्ग में यूपी पुलिस की मेरठ जोन विजेता जबकि पीएसी पश्चिमी जोन की टीम उपविजेता बनीं।
मुख्य अतिथि मनोज कुमार सोनकर पुलिस उप महानिरीक्षक पीएसी वाराणसी अनुभाग और आयोजन सचिव पंकज कुमार पांडेय सेनानायक 34वीं वाहिनी पीएसी ने खिलाड़ियों को शील्ड और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया।
जूडो पुरुष वर्ग की टीम स्पर्धा में 3 स्वर्ण जीत मेरठ जोन प्रथम और 2 स्वर्ण, एक कांस्य पदक के साथ प्रयागराज जोन को दूसरा स्थान मिला। महिला वर्ग में मेरठ जोन प्रथम और गोरखपुर जोन को दूसरा स्थान मिला। वुशू में पश्चिमी जोन प्रथम और पीएसी पूर्वी जोन दूसरे स्थान पर रही, महिला वर्ग मे मेरठ जोन की टीम ने प्रथम जबकि बरेली जोन दूसरे स्थान पर रही।
ताइक्वांडो में 30 अंक के साथ पश्चिमी जोन ने प्रथम और पूर्वी जोन 15 अंको के साथ दूसरे स्थान पर जबकि महिला वर्ग में बरेली 31 अंको के साथ प्रथम और 18 अंक के साथ लखनऊ जोन की टीम दूसरे स्थान पर रही। ब्रजेश राय, बदन यादव, धीरेंद्र सिंह, नरेश सिंह यादव, अतुल सिंह रहे।
जिला और मंडल बास्केटबॉल का ट्रायल
प्रादेशिक महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता प्रयागराज स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जाएगी। इसमें खेलने के लिए जिला और वाराणसी मंडल टीम का चयन ट्रायल सिगरा स्थित डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि जिले की टीम का चयन ट्रायल 23 जुलाई और मंडल की टीम का चयन ट्रायल 24 जुलाई को होगा। इस चयन ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए बालिका टीम के खिलाड़ी बास्केटबॉल कोच नागेंद्र चौरसिया से संपर्क कर सकते हैं। प्रादेशिक प्रतियोगिता 27 से 29 जुलाई तक प्रयागराज में होगा।
प्रादेशिक मुक्केबाजी में खेलेगी 10 सदस्यीय टीम
वाराणसी। प्रदेशिक मुक्केबाजी के लिए वाराणसी मंडल की टीम शुक्रवार को घोषित कर दी गई। टीम में 10 खिलाड़ियों को जगह मिली है। इसमें आठ बालक और दो बालिका शामिल हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह के मुताबिक समन्वय बालिका मुक्केबाजी 21 से 23 जुलाई और बालक वर्ग की प्रतियोगिता 24 से 27 जुलाई तक खेली जाएगी।
परिषदीय विद्यालयों में खेलकूद नवंबर से
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से नवंबर से वार्षिक खेल के तहत 21 खेलों की प्रतियोगिता होगी। इसमें जिले के 1145 विद्यालयों के एक लाख से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया छोटे बच्चों की प्रतिवर्ष होने वाली परेड, पीटी सहित 21 खेलो के आयोजन के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।
प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स के लिए 21 को होगा खिलाड़ियों का चयन
प्रदेश स्तरीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए जिले की टीम का चयन 21 जुलाई को सिगरा स्टेडियम में होगा। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रमेश यादव ने बताया कि 28वीं प्रदेश स्तरीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता 29 और 30 जुलाई को लखनऊ में होने वाली है। इच्छुक खिलाड़ी अपने पंजीकरण संख्या के साथ 21 जुलाई को सिगरा स्टेडियम में उपस्थित हो सकते हैं।
जिला एथलेटिक्स संघ सचिव ने यह भी बताया कि इस प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में जो खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और विजेता बनेंगे। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के विजेताओं को आगामी 20 से 24 अगस्त तक चेन्नई में आयोजित होने वाली 64वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा।
बालिका टीम ने गोरखपुर मंडल की टीम को 1-0 से किया पराजित
सुब्रतो कप फुटबॉल में वाराणसी मंडल ने गोरखपुर मंडल को एक गोल के अंतर से हरा दिया। बालिका वर्ग के अंडर-17 आयुवर्ग में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में एकमात्र गोल वाराणसी मंडल की फाॅर्वर्ड खिलाड़ी आरती ने किया। प्रादेशिक सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की बालिका टीम ने गोरखपुर मंडल की टीम को 1-0 से पराजित कर कांस्य पदक जीता।
वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व परमानंदपुर स्थित विकास इंटर काॅलेज के खिलाड़ियों ने किया। मुगलसराय के बनारस इंस्टीट्यूट खेल मैदान पर खेले गए इस मैच में दोनों टीम ने शुरू से शानदार खेल का प्रदर्शन किया। खेल के 12वें मिनट में वाराणसी की कप्तान आरती यादव ने गोरखपुर की डिफेंस लाइन को चकमा देते हुए मैदानी गोल कर स्कोर 1-0 कर दिया। एक गोल से पीछे होने के बाद गोरखपुर की टीम ने गोल करने का भरपूर प्रयास किया लेकिन वाराणसी की डिफेंस लाइन हर बार मुस्तैदी दिखी। पहले हाफ में वाराणसी 1-0 से आगे रहा।
दूसरे हाफ में दोनों टीम ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों टीम के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया लेकिन गोल करने में नाकाम रही। वाराणसी की टीम में रोशनी, आरती और श्रेया पाल ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। हार के बाद वाराणसी मंडल का सफर समाप्त हो गया है।