जोरदार जीत के साथ टीम इंडिया ने लिया न्यूजीलैंड से हार का 'बदला'
पहले मैच में ढीले खेल के कारण हार का सामना करने के बाद टीम इंडिया ने जबर्दस्त पलटवार किया और दूसरे टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड को हराकर सीरीज बराबरी पर ला दिया। भारत ने क्राइस्टचर्च में खेला गया दूसरा मैच 3-1 से जीत लिया है।
दूसरे मैच में मिली जीत के बाद 4 मैचों की सीरीज में दोनों टीमें 1-1 से बराबर आ गई हैं।
पहले मैच में हार के बाद भारत ने अपने खेल के स्तर को ऊंचा किया और जोरदार खेल दिखाया। भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल जारी रखा और उसे 10वें मिनट में ही पेनाल्टी कॉर्नर मिल गया लेकिन टीम इसे भुना नहीं सकी।
हालांकि भारत को मैच में अपना खाता खोलने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा। 13वें मिनट में रमनदीप सिंह ने बीरेंद्र लाकड़ा के पास को रिबाउंड करते हुए गोलपोस्ट में दाग दिया। इसके बाद भारत की ओर से कुछ और शानदार मूव बने लेकिन गोल में बदल नहीं सके।
23वें मिनट में न्यूजीलैंड को पेनाल्टी कॉर्नर मिला और टीम गोल करने में असफल रही क्योंकि भारतीय गोलकी पीआर श्रीजेश ने इस गोल को शानदार डाइव के साथ गोलपोस्ट में जाने नहीं दिया। पहले हॉफ तक भारत 1-0 से आगे रहा।
मैच खत्म होने से पहले भारत ने दिखाया जीत का दम
मैच का दूसरा गोल कीवी टीम की ओर से दागा गया। दूसरे क्वार्टर में गोल के कुछ मौके गंवाने के बाद खेल के तीसरे क्वार्टर में केन रसेल (45वें मिनट में) ने पेनाल्टी कॉर्नर से बराबरी का गोल दाग दिया। मैच अब 1-1 से बराबर हो गया था। दोनों टीमों ने निर्णायक क्वार्टर में बढ़त बनाने के लिए काफी पसीना बहाया।
लेकिन इस बीच 52वें मिनट में मनप्रीत सिंह ने ललित उपाध्याय के शानदार पास को गोल में बदल दिया। फिर खेल खत्म होने से तुरंत पहले निकिन थिमैयाह ने भारत के लिए तीसरा गोल दाग दिया।
इससे पहले अभ्यास मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारत की पुरुष हॉकी टीम की न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीम के खिलाफ निराशाजनक शुरुआत रही थी। नेल्सन (न्यूजीलैंड) में खेले गए चार मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट मैच में भारत मेजबान टीम के हाथों 0-2 से हार गया था।
भारतीय टीम टेस्ट सीरीज से पहले न्यूजीलैंड-ए टीम के खिलाफ खेले गए दो अभ्यास मैचों में शानदार जीत दर्ज करने में सफल रही थी लेकिन उसका फायदा उसे सीनियर टीम के खिलाफ पहले मैच में नहीं मिल सका। भारत ने ऑकलैंड में दो और तीन अक्टूबर को न्यूजीलैंड-ए टीम को 3-1 और 2-1 से पराजित किया था लेकिन सीरीज के पहले मुकाबले में उसे हार मिली है।