Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Gukesh Faces Sindarov Challenge as 2026 World Chess Championship Begins in Geneva

शतरंज विश्व चैंपियनशिप: कल से शुरू होगा 14 बाजियों का मुकाबला, गुकेश के सामने सिंदारोव की चुनौती

Mon, 23 Nov 2026 10:30 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Mon, 23 Nov 2026 10:30 PM IST
सार

भारत के मौजूदा विश्व शतरंज चैंपियन डी गुकेश 24 नवंबर से स्विट्जरलैंड के जिनेवा में उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ खिताब बचाने उतरेंगे। 14 बाजियों के इस मुकाबले में कुल 25 लाख डॉलर की इनामी राशि दांव पर है। 

विज्ञापन
Gukesh Faces Sindarov Challenge as 2026 World Chess Championship Begins in Geneva
शतरंज विश्व चैंपियनशिप - फोटो : FIDE/X

विस्तार

शतरंज की दुनिया में विश्व चैंपियनशिप का मुकाबला हमेशा से खेल के साथ-साथ विवादों, आरोपों और बयानबाजी के लिए भी चर्चा में रहा है। हालांकि, इस बार भारत के मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव के बीच होने वाली खिताबी भिड़ंत अब तक बिना किसी खास शोर-शराबे के आगे बढ़ रही है। 24 नवंबर से स्विट्जरलैंड के जिनेवा में शुरू होने वाले इस मुकाबले को लेकर फिलहाल खेल जगत में वैसी हलचल नहीं दिख रही, जैसी पिछली विश्व चैंपियनशिप में देखने को मिली थी। इस बार मुकाबले का सबसे दिलचस्प पहलू दोनों खिलाड़ियों की मौजूदा स्थिति है। एक तरफ 20 वर्षीय गुकेश अपने विश्व चैंपियन के खिताब को बरकरार रखने उतरेंगे, तो दूसरी ओर शानदार फॉर्म में चल रहे सिंदारोव पहली बार विश्व चैंपियन बनने के इरादे से चुनौती पेश करेंगे।
विज्ञापन
Trending Videos

कैमरे से लेकर दही के रंग तक पर हो चुके हैं विवाद
  • विश्व शतरंज चैंपियनशिप का इतिहास विवादों से भरा रहा है। 1886 में विल्हेम स्टीनिट्ज और जोहान्स जुकेर्टोर्ट के बीच खेले गए पहले आधिकारिक विश्व चैंपियनशिप मुकाबले से लेकर अब तक कई मुकाबले खेल के बजाय विवादों के कारण चर्चा में रहे हैं।
  • 1972 में बोरिस स्पास्की और बॉबी फिशर के बीच मुकाबले के दौरान कैमरों के शोर को लेकर विवाद हुआ था। 1978 में अनातोली कारपोव और विक्टर कोर्चनोई के बीच मुकाबले में खिलाड़ियों को परोसे गए दही के रंग तक पर विवाद खड़ा हो गया था।
  • इसी तरह 2006 में वेसलिन टोपालोव और व्लादिमीर क्रैमनिक के बीच मुकाबले में बार-बार टॉयलेट जाने को लेकर विवाद हुआ। 1984 में कारपोव और गैरी कास्पारोव के बीच मुकाबले में जानबूझकर ड्रॉ खेलने के आरोप लगे थे। वहीं, 1993 से 2006 के बीच विश्व चैंपियनशिप के अलग-अलग धड़ों में बंटने से भी शतरंज जगत में काफी विवाद हुआ।
  • लेकिन गुकेश और सिंदारोव के बीच होने वाला मुकाबला अब तक इन सब विवादों से दूर है।
विज्ञापन
विज्ञापन

खिताब जीतने के बाद गुकेश की रैंकिंग में गिरावट
  • भारत के डी गुकेश ने दिसंबर 2024 में सिंगापुर में चीन के डिंग लिरेन को हराकर इतिहास रचा था। महज 18 साल की उम्र में वह सबसे कम उम्र के निर्विवाद विश्व चैंपियन बने थे और विश्व चैंपियनशिप जीतने वाले 22वें खिलाड़ी बने।
  • हालांकि, खिताब जीतने के बाद गुकेश के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी देखने को मिली है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2024 में रहा था, जब वह फिडे रैंकिंग में तीसरे स्थान तक पहुंचे थे। लेकिन इसके बाद उनकी रेटिंग और रैंकिंग में गिरावट आई है। फिलहाल वह 2710 रेटिंग के साथ 26वें स्थान पर हैं।
  • गुकेश इस साल प्राग इंटरनेशनल चेस फेस्टिवल, नॉर्वे चेस और चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स जैसे टूर्नामेंट में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। इसके चलते उन्होंने ग्रैंड चेस टूर के क्लासिकल मुकाबलों से दूरी बनाकर रैपिड और ब्लिट्ज प्रारूप में खेलने का फैसला किया। हालांकि, चेस ओलंपियाड में उन्होंने सात जीत और एक हार के साथ अच्छा प्रदर्शन किया।
विज्ञापन

सिंदारोव शानदार फॉर्म में, कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में रचा इतिहास
दूसरी ओर, उज्बेकिस्तान के ग्रैंडमास्टर जावोखिर सिंदारोव इस समय शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 2026 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में 14 में से 10 अंक हासिल करते हुए बिना कोई मुकाबला गंवाए जीत दर्ज की। यह टूर्नामेंट के आधुनिक इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इस जीत के साथ वह विश्व चैंपियनशिप के सबसे युवा चैलेंजर भी बने। फिलहाल सिंदारोव 2782 रेटिंग के साथ फिडे रैंकिंग में चौथे स्थान पर हैं। उज्बेकिस्तान को समरकंद में आयोजित 46वें चेस ओलंपियाड के ओपन वर्ग में स्वर्ण पदक दिलाने में भी सिंदारोव की अहम भूमिका रही थी। इस प्रतियोगिता में उन्होंने व्यक्तिगत कांस्य पदक भी जीता था।

कार्लसन और नाकामुरा ने सिंदारोव को बताया पसंदीदा
विश्व चैंपियनशिप से पहले दिग्गज खिलाड़ियों की राय भी सामने आई है। मैग्नस कार्लसन और हिकारू नाकामुरा ने सिंदारोव को मौजूदा फॉर्म के आधार पर खिताब का प्रबल दावेदार बताया है। वहीं, दिग्गज गैरी कास्पारोव ने गुकेश का समर्थन किया है। उनका मानना है कि विश्व चैंपियनशिप खेलने का अनुभव भारतीय खिलाड़ी के पक्ष में जा सकता है। सिंदारोव का गुकेश के खिलाफ क्लासिकल शतरंज में 2-0 का रिकॉर्ड भी उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है। हालांकि, वह जानते हैं कि विश्व चैंपियनशिप का मुकाबला सामान्य टूर्नामेंट से काफी अलग होता है।

गुकेश बोले- खिताब बचाने नहीं, दोबारा जीतने आया हूं
मुकाबले से पहले गुकेश ने साफ किया है कि वह इसे खिताब बचाने के दबाव के तौर पर नहीं देख रहे हैं। उनके मुताबिक, वह इस मुकाबले को एक नई चुनौती मानकर खेलेंगे। गुकेश ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'मुझे नहीं लगता कि मैं यहां किसी चीज का बचाव करने आया हूं। मैं यहां एक बार फिर सब कुछ जीतने आया हूं। यही मेरी मानसिकता है।'

उन्होंने कहा कि पिछली विश्व चैंपियनशिप की तुलना में इस बार उनके पास ज्यादा अनुभव है, लेकिन पहले गेम के साथ ही पुरानी सभी बातें पीछे छूट जाएंगी। उन्होंने कहा, 'इस बार मैं मुकाबले में पहले से ज्यादा अनुभवी होकर उतर रहा हूं। लेकिन जब हम पहले गेम के लिए बोर्ड पर बैठेंगे, तो अब तक जो कुछ हुआ है, वह सब पीछे छूट जाएगा। प्रतिद्वंद्वी अलग है और जगह भी अलग है। मेरा ध्यान सिर्फ इन 14 बाजियों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर है।'

सिंदारोव बोले- गुकेश को हराना आसान नहीं
सिंदारोव ने भी गुकेश की क्षमता की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि 2024 में गुकेश का प्रदर्शन शानदार रहा था और इस साल टाटा स्टील टूर्नामेंट में उनके खिलाफ खेलने के बाद उन्हें भारतीय खिलाड़ी की ताकत का एहसास हुआ।सिंदारोव के मुताबिक, गुकेश की खासियत यह है कि वह मुश्किल परिस्थितियों में भी अच्छी चालें चल सकते हैं और मुकाबले के अंत तक संघर्ष करते रहते हैं।

उन्होंने कहा, 'गुकेश का 2024 का प्रदर्शन शानदार था। हम सभी जानते हैं कि उन्होंने कितना अच्छा खेला। पिछले साल वह दुर्भाग्यशाली रहे, लेकिन इस साल टाटा स्टील में उनके खिलाफ खेलते हुए मुझे उनकी असली ताकत का एहसास हुआ। सामान्य स्थितियों में उनकी पकड़ बहुत अच्छी है, उनकी गणना करने की क्षमता शानदार है और वह मुकाबले के अंत तक लड़ सकते हैं।'

14 बाजियों में होगा 25 लाख डॉलर की इनामी राशि का फैसला
गुकेश और सिंदारोव के बीच विश्व चैंपियनशिप का मुकाबला 24 नवंबर से 12 दिसंबर तक खेला जाएगा। समापन समारोह भी 12 दिसंबर को होगा। मुकाबले में कुल 25 लाख डॉलर (करीब 22 करोड़ रुपये) की इनामी राशि रखी गई है।
  • प्रत्येक जीत पर खिलाड़ी को एक अंक मिलेगा।
  • ड्रॉ होने पर दोनों खिलाड़ियों को आधा-आधा अंक मिलेगा।
  • हर निर्णायक जीत के लिए 2 लाख डॉलर की राशि निर्धारित है।
  • बाकी इनामी राशि दोनों खिलाड़ियों के बीच बराबर बांटी जाएगी।
  • 14 बाजियों के बाद स्कोर बराबर रहने पर रैपिड और जरूरत पड़ने पर ब्लिट्ज टाईब्रेकर खेले जाएंगे।
  • टाईब्रेकर की स्थिति में विजेता को 13 लाख डॉलर और उपविजेता को 12 लाख डॉलर मिलेंगे।
मुकाबले का आयोजन स्विट्जरलैंड के जिनेवा स्थित फोंडेशन मार्टिन बोडमर, कोलोनी में होगा। सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होंगे। पहले गेम में गुकेश काले मोहरों से खेलेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed