FIFA WC 2026: हैरी केन ने तोड़ा गैरी लिनेकर का कौन सा रिकॉर्ड? इंग्लैंड के लिए किस मामले में बने नंबर-1 फुटबॉलर
फीफा विश्व कप 2026 में पनामा के खिलाफ गोल करते ही हैरी केन इंग्लैंड के लिए विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने गैरी लिनेकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप एल मुकाबले में इंग्लैंड ने पनामा को 2-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में कप्तान हैरी केन ने भी एक गोल किया और इसी के साथ उन्होंने विश्व कप इतिहास में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
हैरी केन ने कौन सा रिकॉर्ड अपने नाम किया?
पनामा के खिलाफ किया गया यह गोल विश्व कप में हैरी केन का 11वां गोल था। इसके साथ ही उन्होंने गैरी लिनेकर के 10 गोल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अब विश्व कप इतिहास में इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड हैरी केन के नाम दर्ज हो गया है।
गैरी लिनेकर के रिकॉर्ड तक हैरी केन कैसे पहुंचे?
विश्व कप 2026 के शुरुआती मुकाबलों से पहले केन, गैरी लिनेकर से दो गोल पीछे थे। इससे पहले वह लिनेकर के रिकॉर्ड की बराबरी कर चुके थे। लिनेकर ने 1986 के मेक्सिको विश्व कप में छह गोल कर गोल्डन बूट जीता था, जबकि 1990 के इटली विश्व कप में उन्होंने चार गोल किए थे। क्रोएशिया के खिलाफ मुकाबले में दो गोल दागकर केन ने उनके रिकॉर्ड की बराबरी की थी।
विश्व कप में हैरी केन का सफर कैसा रहा है?
रूस में खेला गया 2018 विश्व कप हैरी केन का पहला विश्व कप था। उस टूर्नामेंट में इंग्लैंड सेमीफाइनल तक पहुंचा था और केन ने छह गोल कर गोल्डन बूट अपने नाम किया था। इसके बाद 2022 के कतर विश्व कप में उन्होंने सेनेगल और फ्रांस के खिलाफ एक-एक गोल कर विश्व कप में अपने कुल गोलों की संख्या आठ तक पहुंचा दी।
इंग्लैंड के लिए हैरी केन की उपलब्धियां क्या हैं?
पनामा के खिलाफ हैरी केन ने इंग्लैंड के लिए अपना 117वां मैच खेला और एक गोल के साथ उनके अंतरराष्ट्रीय गोलों की संख्या 82 हो गई। वह पहले से ही इंग्लैंड की पुरुष सीनियर टीम के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं और लगातार इस रिकॉर्ड को और मजबूत कर रहे हैं। इसके अलावा वह इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं। वह 2018 विश्व कप के सेमीफाइनल और यूरो 2020 व यूरो 2024 के फाइनल तक पहुंचने वाली इंग्लैंड टीम का भी हिस्सा रहे हैं।
विश्व कप में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी कौन हैं?
-
हैरी केन:- 14 मैचों में 11 गोल
-
गैरी लिनेकर:- 12 मैचों में 10 गोल
-
सर ज्योफ हर्स्ट:- 6 मैचों में 5 गोल
-
बॉबी चार्लटन:- 14 मैचों में 4 गोल
-
माइकल ओवेन:- 12 मैचों में 4 गोल
-
मार्कस रैशफोर्ड:- 13 मैचों में 4 गोल
-
सर डेविड बेकहम:- 13 मैचों में 3 गोल
-
स्टीवन गेरार्ड:- 12 मैचों में 3 गोल
-
रोजर हंट:- 6 मैचों में 3 गोल
-
डेविड प्लैट:- 6 मैचों में 3 गोल
-
बुकायो साका:- 6 मैचों में 3 गोल
-
नेट लॉफ्टहाउस:- 2 मैचों में 3 गोल