कोरोना: स्वदेश नहीं जा पा रहे थे भारतीय U-17 महिला टीम के कोच, स्वीडन भेजेगा फ्लाइट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय महिला अंडर-17 विश्व कप फुटबॉल टीम के स्वीडिश कोच थॉमस डेनेरबी बुधवार को स्वदेश रवाना होंगे क्योंकि कोविड-19 महामारी के चलते देश में 21 दिन के लॉकडाउन से खिलाड़ियों की ट्रेनिंग रूक गयी है। स्वीडिश सरकार ने भारत में अपने नागरिकों को ले जाने का इंतजाम किया है, डेनेरबी और हमवतन फिटनेस कोच पर कार्लसन इसी फ्लाइट से रवाना होंगे।
भारतीय फुटबॉल महासचिव कुसल दास ने मंगलवार को पीटीआई से कहा, ‘हां, मुख्य कोच डेनेरबी कल अपने घर स्वीडन के लिए रवाना हो रहे हैं। अभी कोई ट्रेनिंग नहीं चल रही और खिलाड़ी भी अपने घर जा चुके हैं।’
फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप भारत में पांच स्थलों पर दो से 21 नवंबर तक खेला जाएगा। साठ साल के अनुभवी डेनेरबी को पिछले साल नवंबर में मुख्य कोच नियुक्त किया गया था, उन्होंने स्वीडन की महिला राष्ट्रीय टीम को 2011 में जर्मनी में फीफा महिला विश्व कप में तीसरे स्थान तक पहुंचाया था और टीम 2012 लंदन ओलंपिक में क्वार्टरफाइनल तक पहुंची थी।
यह पूछने पर कि डेनेरबी कब भारत लौटेंगे तो दास ने कहा, ‘जब खिलाड़ियों की ट्रेनिंग शुरू होगी तक वह लौट आएंगे।’
कोविड-19 के कारण भले ही दुनिया भर में खेल प्रतियोगितायें रद्द या स्थगित हो गई हों, लेकिन दास ने कहा कि एआईएफएफ को इस टूर्नामेंट के आयोजित होने की उम्मीद है।
AIFF को उम्मीद, तय समय पर होगा अंडर-17 महिला विश्व कप
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने कोविड-19 महामारी के कारण दुनिया भर के खेल आयोजनों के रद्द या स्थगित होने के बीच उम्मीद जताई है कि फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप का आयोजन इस साल नवंबर में अपने तय समय पर होगा। टूर्नामेंट के शुरू होने में अभी सात महीने का समय है और ऐसे में आयोजन समिति को उम्मीद है कि आयुवर्ग के इस टूर्नामेंट को आयोजित करने के लिए इतना समय काफी है। एआईएफएफ के महासचिव कुशल दास ने हालांकि कहा कि अब सब कुछ फुटबॉल की वैश्विक संस्था फीफा पर निर्भर करता है।
दास ने पीटीआई से कहा, ‘फीफा इस पर फैसला लेगा। वे सभी घटनाक्रमों पर नजर रख रहे हैं और हम देखेंगे कि यह कैसे होता है।’’उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में काफी समय बचा है और वह अभी इंतजार करना चाहेंगे।उन्होंने कहा, ‘अभी बहुत समय बाकी है और हम इंतजार करेंगे और आगे की घटनाक्रम देखेंगे।
’विश्व कप का आयोजन दो से 21 नवंबर तक नवी मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद, भुवनेश्वर और गुवाहाटी में होगा। दास को पता है कि टूर्नामेंट के लिए यूरोपीय और अफ्रीकी क्वालीफायर मुकाबले अभी बाकी हैं ।फीफा अपने सभी क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के तारीखों को लेकर सभी परिसंघ के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर रहा है।
कोविड-19 महामारी के कारण खेल की दुनिया का सबसे बड़ा आयोजन माने जाने वाला ओलंपिक को भी एक साल के लिए टालना पड़ा। यूरो 2020 फुटबाल टूर्नामेंट भी स्थगित हो गया है। फीफा ने पिछले सप्ताह कहा कि वह भारत में कोविड-19 महामारी से उत्पन्न होने वाले घटनाक्रमों पर नजर रखने के साथ ‘वैकल्पिक समाधान’ भी खोज रहा है।
इस शीर्ष निकाय ने कहा था, 'नवंबर में देश में होने वाले अंडर -17 महिला विश्व कप के भविष्य का फैसला करने के लिए भारत में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति पर नजर रखा है। इस टूर्नामेंट में 16 टीमों को भाग लेना है, जिसके लिए सिर्फ तीन टीमों ने क्वलीफाई किया है। भारत मेजबान के तौर पर जबकि उत्तर कोरिया और जापान ने एशियाई के विजेता और उपविजेता के तौर टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया है।