Dhanteras 2024: 29 या 30 अक्तूबर कब है धनतेरस ? जानें सही तिथि और पूजा मुहूर्त
Dhanteras 2024: हिंदू धर्म में धनतेरस के पर्व को बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा का विधान है।
विस्तार
Dhanteras 2024: हिंदू धर्म में धनतेरस के पर्व को बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा का विधान है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार धनतेरस के दिन समुद्र मंथन के दौरान धन्वंतरि भगवान ने अमृत कलश लेकर अवतार लिया था। इस दिन सोना, चांदी व धातु को खरीदना बहुत ही शुभ होता है। इस तिथि से दिवाली पर्व की शुरुआत हो जाती है, जो अगले पांच दिनों तक चलता है।
धनतेरस शब्द का अर्थ है 'धन' और 'तेरस', यानी धन का तेरह गुना होना है। ऐसे में भगवान धन्वंतरि की पूजा के साथ-साथ मां लक्ष्मी और कुबेर देव की पूजा करने से धन में वृद्धि होती है। साथ ही सफलता के योग बनते हैं। इस तिथि पर बर्तन, सोना, चांदी और पीतल खरीदने की मान्यता है। लेकिन इन सभी को मुहूर्त के अनुसार ही घर लाना चाहिए। ऐसे में आइए जानते हैं कि इस साल धनतेरस कब मनाया जाएगा, और पूजा का मुहूर्त क्या है।
कब है धनतेरस 2024
इस साल कार्तिक त्रयोदशी तिथि की शुरुआत 29 अक्तूबर को सुबह 10:31 मिनट पर होगी। वहीं इस तिथि का समापन 30 अक्तूबर को दोपहर 01:15 मिनट पर होगा। ऐसे में उदयातिथि के अनुसार 29 अक्तूबर 2024 को धनतेरस का त्योहार मनाया जाएगा।
पूजा का मुहूर्त
पंचांग के अनुसार इस साल धनतेरस पर पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 06 बजकर 30 मिनट से रात 08:12 मिनट तक रहेगा। इस दौरान आप भगवान धन्वंतरि की पूजा कर सकते हैं।
क्या खरीदना होता है शुभ
- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन झाड़ू घर लाना अति शुभ होता है। दरअसल, हिंदू धर्म में झाड़ू को माता लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। इस दिन झाड़ू खरीदने से घर में बरकत बनी रहती हैं। साथ ही आर्थिक परेशानियों से भी छुटकारा मिलता है।
- धनतेरस के शुभ अवसर पर आप बर्तन और सोने-चांदी की खरीदारी कर सकते हैं।
- इस दौरान वाहन और जमीन-जायदाद के सौदे करना लाभकारी रहेगा।
- आप कार और बाइक भी घर ला सकते हैं। इस दौरान नए कपड़े की खरीदारी करना भी शुभ माना जाता है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): ये लेख लोक मान्यताओं पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।