Rajasthan: शेखावत बोले- पेट्रोल-डीजल के दाम में कटौती काफी नहीं, छोटी राहत देकर जनता को भ्रमित कर रहे गहलोत
गहलोत सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर वैट कम किया है। इसको लेकर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने कहा कि अभी भी राजस्थान में पेट्रोल-डीजल सबसे महंगा मिल रहा है।
विस्तार
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि राजस्थान ऐसा प्रदेश है, जिसमें देश में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल मिलता है। जनता मुख्यमंत्री जी की तरफ देख रही है। केवल छोटी सी राहत देकर जनता को भ्रमित करने के बजाय कुछ और अधिक बड़ा कर सकें, इस पर विचार करना चाहिए।
जोधपुर के एक कार्यक्रम गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को सम्मिलित हुए। जिसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के प्रति प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में काम करने वाली सरकार संवेदनशील है। पूरा देश यह जानता है। लंबे समय से विश्व स्तर पर पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि हो रही थी, जिसका भार जनता के ऊपर बढ़ रहा था। एक बार फिर मोदी सरकार ने बहुत बड़ी कटौती सेंट्रल टैक्सेज में कर जनता को राहत प्रदान की है। करीब 9.50 रुपये पेट्रोल, 7 रुपये डीजल और गैस में 200 रुपए सब्सिडी का प्रावधान किया है।
उन्होंने कहा कि मुझे ऐसा बताया गया है कि राज्य सरकार ने भी सुबह 2.48 रुपए पेट्रोल और 1.07 रुपए डीजल पर कटौती करने की अपनी तरफ से घोषणा की है। छोटा सा उन्होंने प्रयास किया है। मैं उन्हें जनता की तरफ से धन्यवाद तो देता हूं लेकिन यह अवश्य कहूंगा कि अभी भी राजस्थान के चारों तरफ जो प्रदेश हैं, उनमें यहां से सस्ती दर पर पेट्रोल-डीजल मिलता है। गहलोत सरकार को इस पर विचार करना चाहिए।