फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Tension in Karauli after gangrape and murder of girl

करौली में तनाव: गैंगरेप के बाद गोली मारकर कुएं में फेंका युवती का शव, भाजपा समेत कई पार्टियां धरने पर बैठीं

Fri, 14 Jul 2023 07:44 PM IST
अर्पित याज्ञनिक न्यूज डेस्क, अमर उजाला, करौली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, करौली Published by: अर्पित याज्ञनिक Updated Fri, 14 Jul 2023 07:44 PM IST
सार

 करौली में तनाव के हालात के बीच राज्य महिला आयोग अध्यक्ष रेहाना रियाज़ चिश्ती भी करौली पहुंचीं और पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। बीजेपी, बसपा, आप, भीम आर्मी ने शुरू किए अलग- अलग धरने। हालात तनावपूर्ण।

विज्ञापन
Tension in Karauli after gangrape and murder of girl
महिला आयोग अध्यक्ष रेहाना रियाज़ चिश्ती और किरोड़ी लाल मीणा। - फोटो : Amar Ujala Digital

विस्तार

करौली के हिंडौन सिटी नादौती थाना क्षेत्र के एक गांव की दलित युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद एसिड फेंकने और दो गोली मारकर हत्या करने के मामले में बीजेपी ने मौके पर धरना दे रखा है। चुनाव से पहले यह बड़ा मुद्दा बीजेपी पार्टी को राजस्थान में क्राइम, रेप और दलित अत्याचार से जुड़ा मिला है। विधानसभा सत्र के दौरान इस मुद्दे पर हंगामे के पूरे आसार बन गए हैं। मौके पर तनाव के हालात के बीच राज्य महिला आयोग अध्यक्ष रेहाना रियाज़ चिश्ती भी करौली पहुंचीं और पीड़ित परिजनों से मुलाकात की।

विज्ञापन


करौली में दलित युवती से गैंगरेप, एसिड अटैक के बाद गोली मारकर कुएं में फेंकने के मामले में मृतका के परिजनों, स्थानीय लोगों के साथ बीजेपी नेताओं ने धरना दे रखा है। चार बीजेपी सांसद मौके पर पहुंचकर धरने में बैठे। सांसद डॉक्टर किरोड़ीलाल मीणा, दीया कुमारी, मनोज राजोरिया और रंजीता कोली के साथ ही राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा धरने पर बैठे हैं। राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोड़ीलाल मीणा का धरना शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
विज्ञापन




बसपा, आप, भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने भी धरने शुरू किए
वहीं, कई राजनीतिक दल के लोगों ने भी अस्पताल परिसर में अपना धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।  भाजपा के अलावा बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी, भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में अलग-अलग धरने शुरू कर दिए हैं। सभी ने युवती के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन


सांसद दीया कुमारी, रंजीता कोहली और बीजेपी नेता सुमन शर्मा की पुलिस प्रशासन से वार्ता विफल
भाजपा सांसद दीया कुमारी, सांसद रंजीता कोली और भाजपा नेता सुमन शर्मा की पुलिस प्रशासन से चल रही वार्ता मांगों पर सहमति नहीं बनने के कारण विफल हो गई। दोनों सांसद और भाजपा नेता अस्पताल परिसर में चल रहे डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के धरने में वापस आ गईं। सांसद दीया कुमारी ने कहा कि युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद उस पर एसिड फेंकना और गोली मारकर हत्या कर देना बेहद शर्मनाक और गंभीर घटना है। ऐसी घटनाएं कांग्रेस सरकार में बार-बार हो रही हैं। 



पुलिस मामले को गंभीरता से लेती तो शायद ऐसी घटना नहीं होती
उन्होंने कलेक्टर और एसपी से पीड़ित परिवार की मांगें रखीं, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार युवती के लापता होने पर थाने गया, लेकिन उसे पुलिसकर्मियों ने भगा दिया। यदि पुलिस मामले को गंभीरता से लेती तो शायद ऐसी घटना नहीं होती। उन्होंने कहा कि घटना के दोषी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हो। पीड़ित परिवार को 50 लाख का मुआवजा दिया जाए और परिजन को संविदा पर नौकरी मिले। इसके अलावा मामले में दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जाए। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, धरना जारी रहेगा।

पुलिस प्रशासन मांग पूरी करने के बजाय मृतका के शव को हटाने के लिए दबाव बना रहा
भाजपा नेता सुमन शर्मा ने कहा कि पुलिस प्रशासन मांग पूरी करने के बजाय मृतका के शव को हटाने के लिए अधिक दबाव बना रहा है। अब वह जयपुर जाकर डीजीपी से मुलाकात करेंगे। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।

जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा धरना जारी रहेगा
सांसद रंजीता कोली ने कहा कि मामले पर पुलिस प्रशासन गंभीर नहीं दिखाई दे रहा है। जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में बेटियों की रक्षा नहीं कर सकते तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को इस्तीफा दे देना चाहिए।



राज्य महिला आयोग अध्यक्ष बोलीं- कलेक्टर, एसपी से मुलाकात की, जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी
इसके अलावा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेहाना रियाज भी हिंडौन पहुंचीं और पुलिस प्रशासन से घटना की जानकारी लेकर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की बात कही। रेहाना रियाज ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह कलेक्टर और एसपी से मिली हैं। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की बात कही है। पुलिस ने उन्हें बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 4-5 टीमें लगा रखी हैं। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ है और उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी।

बसपा के राज्यसभा सांसद रामजी गौतम भी हिंडौन पहुंचे
इसके अलावा बसपा के राज्यसभा सांसद रामजी गौतम भी हिंडौन पहुंचे और बसपा की ओर से दिए जा रहे धरने में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि घटना बेहद निंदनीय है। पुलिस आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर फांसी की सजा दे। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी दी जाए।  उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के लोगों को हमसे मिलने नहीं दिया जा रहा है।


पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रहीं-एडिशनल एसपी
मामले पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश जैफ ने कहा कि पीड़ित परिवार की ओर से दर्ज कराए मुकदमे के बाद पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। कई एंगल से मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।  

पोस्टमार्टम में युवती के शरीर से गोली निकाली
गुरुवार को नादौती थाना क्षेत्र के एक कुएं में युवती का शव मिला था। युवती का शरीर तेजाब से जला हुआ था। नादौती थाना पुलिस युवती के शव को हिंडौन के जिला अस्पताल लेकर पहुंची। इस दौरान सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भी वहां पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया। जो आज दूसरे दिन भी जारी है। सांसद की मांग पर युवती के शव का दो बार पोस्टमार्टम हो चुका है। पोस्टमार्टम के बाद युवती के शरीर से एक गोली भी निकाली। सांसद ने कहा कि आरोपी युवती को घर से उठाकर ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद तेजाब डाल दिया और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। उसके बाद शव को कुएं में फेंक दिया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों का पुलिस जाब्ता भी हिंडोन अस्पताल में मौजूद है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed