Rajasthan: माउंट आबू में शुरू होने जा रहा है समर फेस्टिवल, सांस्कृतिक कार्यक्रम से लेकर बोटिंग का उठाएं मजा
अगर आप गर्मियों की छुट्टी मनाने जाने की सोच रहे हैं तो माउंट आबू का समर फेस्टिवल बेहतरीन ऑप्शन है। यहां आपको सांस्कृतिक कार्यक्रम से लेकर आतिशबाजी, स्केटिंग सहित कई फन एक्टिविटी का मजा उठाने का मौका मिलेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में समर फेस्टिवल का आयोजन होने जा रहा है। माउंट आबू गर्मियों में देश-दुनिया के सैलानियों के आकर्षण का बड़ा केंद्र होता है। हर साल मई और जून के महीने में समर फेस्टिवल का आयोजन किया जाता है। इस बार 13 मई से 15 मई तक इसका आयोजन होगा।
माउंट आबू में आयोति समर फेस्टिवल लोक और शास्त्रीय संगीत का पर्व है। यह राजस्थान के आदिवासी जीवन और संस्कृति की झलक देता है। तीन दिन के इस फेस्टिवल में कई सांस्कृतिक और पारंपरिक झलकियां देखने को मिलेंगी। इसकी जानकारी राजस्थान टूरिज्म ने स्वदेशी सोशल मीडिया मंच, कू ऐप के अपने आधिकारिक हैंडल के माध्यम से दी है, जिसके बाद कला प्रेमियों का उत्साह दोगुना हो गया है।
खास बात यह है कि माउंट आबू में यह समर फेस्टिवल हर साल बुद्ध पूर्णिमा के दौरान आयोजित किया जाता है, जिसकी शुरुआत एक भव्य गाथागीत के साथ होती है। इसके बाद मंत्रमुग्ध कर देने वाला लोक नृत्य होता है। इस फेस्टिवल के दौरान नक्की झील में बोट रेस और पूरे माउंट आबू में जुलूस का भी आयोजन किया जाता है।
बोर होने का कोई चांस नहीं
इस फेस्टिवल के दौरान इतनी सांस्कृतिक गतिविधियां होती हैं कि सैलानियों के पास बोर होने का कोई विकल्प नहीं रहता है। फिर इसके बाद दिल जीतने के लिए माउंट आबू की सुंदरता ही काफी है। माउंट आबू को खड़ी चट्टानों, शांत झीलों, सुरम्य वातावरण और बेहतरीन मौसम के लिए जाना जाता है। इस हिल स्टेशन का मौसम स्थानीय कलाकारों की ऊर्जा को लोक नृत्य, शास्त्रीय संगीत और नृत्य, आतिशबाजी, कलाकृतियों समेत विविध रूपों में व्यक्त करने में मदद करता है। यहां आने वाले पर्यटक यहां की संस्कृति और जीवनशैली से बहुत आकर्षित होते हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम से लेकर आतिशबाजी, स्केटिंग सबकुछ
माउंट आबू समर फेस्टिवल की शुरुआत प्रेम गीत और पारंपरिक जुलूस निकालकर होती है। जिसमें राजस्थानी और गुजराती लोक नृत्य और लोक संगीत का समागम होता है। इसके बाद दिन आगे बढ़ते-बढ़ते कई तरह की प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजक कार्यक्रम भी होते हैं। इस फेस्टिवल में ढेरों एक्टिविटीज, जैसे- घोड़ों की रेस, नक्की झील में बोट रेस, मटका रेस, रस्साकशी, स्केटिंग रेस, बैंड शो जैसी ढेरों दिलचस्प गतिविधियां शामिल हैं। इवेंट की खासियत शाम-ए-कव्वाली होती है, जिसमें कई मशहूर कव्वाली गायक शामिल होते हैं। फेस्टिवल के आखिर में जबरदस्त आतिशबाजी होती है और इसके साथ ही माउंट आबू समर फेस्टिवल का समापन हो जाता है।
गर्मी के लिहाज से सर्वश्रेष्ठ है माउंट आबू
माउंट आबू में खड़ी ढाल वाले पहाड़, शांत और स्थिर झील, हर ओर प्रकृति से भरपूर मनोरम दृश्य और यहां का बेहतरीन मौसम, इसे गर्मी के लिहाज से सर्वश्रेष्ठ स्थान बना देता है। इस समर फेस्टिवल में लोकनृत्य, लोक संगीत, शास्त्रीय संगीत, राजस्थान के आर्ट एंड क्राफ्ट का अनोखा संगम देखने को मिलता है। साथ ही इस फेस्टिवल के जरिए आप राजस्थान के जनजातीय लोगों के जीवन और संस्कृति को बेहद करीब से देख और समझ सकते हैं।