{"_id":"6a87e8ba4db184687809001a","slug":"elections-for-the-chairman-and-councilors-will-be-held-for-the-first-time-in-this-sirohi-municipality-sirohi-news-c-1-1-noi1344-4634485-2026-08-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"सिरोही की मंडार नपा में पहली बार निकाय चुनाव: SC ओपन रहेगा चेयरमैन पद, आरक्षण के बाद दावेदारों के समीकरण बदले","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सिरोही की मंडार नपा में पहली बार निकाय चुनाव: SC ओपन रहेगा चेयरमैन पद, आरक्षण के बाद दावेदारों के समीकरण बदले
Sat, 22 Aug 2026 07:00 AM IST
सिरोही ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिरोही
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिरोही
Published by: सिरोही ब्यूरो
Updated Sat, 22 Aug 2026 07:00 AM IST
सार
नगर पालिका बनने के बाद पहली बार मंडार की राजनीति सीधे चुनावी मैदान में उतरने जा रही है। 20 वार्डों के आरक्षण और एससी ओपन अध्यक्ष पद ने दावेदारों के समीकरण बदल दिए हैं। 9 सितंबर के मतदान के साथ तय होगा कि पहली नगर पालिका की कमान किसके हाथ आती है।
विज्ञापन
मंडार नगर पालिका
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले की नवगठित मंडार नगर पालिका में पहली बार नगर निकाय चुनाव होने जा रहे हैं। आगामी 9 सितंबर को यहां मतदाता पार्षदों का चुनाव करेंगे। नगर पालिका के कुल 20 वार्डों में से 10 वार्ड सामान्य, 3 ओबीसी, 5 एससी और 2 एसटी वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। वहीं अध्यक्ष पद एससी ओपन के लिए आरक्षित है।
विज्ञापन
मंडार को नगर पालिका बनाने की घोषणा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 25 मार्च को रेवदर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान की थी। इससे पहले मंडार ग्राम पंचायत थी। नगर पालिका बनने के बाद यहां पहली बार चेयरमैन और पार्षदों के चुनाव होंगे। यहां के 20 वार्डों में कुल 11,291 मतदाता हैं। इनमें 5,889 पुरुष और 5,402 महिला मतदाता शामिल हैं। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही नगर पालिका क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: अजमेर नगर निगम चुनाव की जंग: दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर, देवनानी, भदेल और राठौड़ के प्रभाव का असली इम्तिहान
विज्ञापन
नगर पालिका के कुल 20 वार्डों में 10 सामान्य, 3 ओबीसी, 5 एससी और 2 एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। अध्यक्ष पद एससी ओपन रखा गया है। अध्यक्ष पद के आरक्षण के बाद स्थानीय राजनीति में संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। मंडार नगर पालिका के पार्षद पद के लिए 27 अगस्त से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन जमा कराने की अंतिम तारीख 31 अगस्त रहेगी। नामांकन पत्रों की जांच 1 सितंबर को होगी और 3 सितंबर तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 4 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। पार्षद पद के लिए 9 सितंबर को मतदान होगा और 14 सितंबर को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
अध्यक्ष पद के लिए 15 सितंबर को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 17 सितंबर को नाम वापसी की जा सकेगी। 18 सितंबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को मतदान होगा और मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। इसके बाद 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया होगी। सुबह 10 बजे नामांकन, 11 बजे जांच और 11:30 बजे तक नाम वापसी होगी। आवश्यकता पड़ने पर दोपहर 2 बजे तक मतदान कराया जाएगा और 2:30 बजे मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
मंडार में पहली बार होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। खास तौर पर अध्यक्ष पद एससी ओपन होने से अब संभावित दावेदारों और प्रमुख राजनीतिक दलों की रणनीति पर सभी की नजर रहेगी।