जानिए कौन हैं सचिन पायलट, जिनकी वजह से खतरे में पड़ी अशोक गहलोत सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच जारी तनाव के बीच राज्य सरकार ने पायलट को उपमुख्यमंत्री पद और प्रदेशाध्यक्ष पद से हटा दिया है। उनकी जगह गोविंद सिंह डोटसारा को नया प्रदेशाध्यक्ष घोषित किया गया है। इसके अलावा पायलट समर्थक मंत्रियों को भी हटाया गया है।
सचिन पायलट के अलावा विश्वेंद्र सिंह और रमेश मीणा को मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया गया है। इससे पहले पार्टी उपमुख्यमंत्री को मनाने की कोशिश कर रही थी। मंगलवार को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक (सीएलपी) में 102 विधायक शामिल हुए। बैठक में सभी ने सर्वसम्मति से पायलट को पार्टी से निकालने पर अपनी सहमति जताई थी।
पायलट की वजह से खतरे में गहलोत सरकार
मध्यप्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया की वजह से कमनलाथ सरकार गिर गई थी अब सचिन पायलट की वजह से अशोक गलतोत सरकार खतरे में है। सचिन पायलट पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में बने हुए हैं। सचिन पायलट ने साल 2018 में राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री बना दिया था।
पायलट ने अपनी ही सरकार को कई बार घेरा
गहलोत को सीएम बनाए जाने के बाद पायलट के समर्थकों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की थी। जिसके बाद सचिन पायलट को उप मुख्यमंत्री बनाया गया लेकिन तब से उनके और गलतोक के बीच विवाद जारी है। एक तरफ सीएम गहलोत लगातार उनकी अनदेखी करते रहे, दूसरी तरफ पायलट अपनी ही सरकार को घेरते रहे।
राजनीतिक करियर
सचिन पायलट ने पहली बार 2004 में दौसा क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। पायलट उस समय 26 साल की उम्र में देश के सबसे युवा लोकसभा सदस्य बने थे। उन्होंने साल 2009 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के किरण माहेश्वरी को 76000 वोटों से हराया।
2012 में संचार और सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री बने। 2014 के मोदी लहर में लोकसभा चुनावों में सचिन पायलट को करारी हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद सचिन पायलट को राजस्थान कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनाया गया। 2018 के विधानसभा चुनावों में सचिन पायलट ने टोंक क्षेत्र से चुनाव जीता। 17 दिसंबर 2018 को उन्हें राजस्थान का उप मुख्यमंत्री बनाया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री फारुख अब्दुल्ला की बेटी से की शादी
गाजियाबाद से किया मार्केटिंग में डिप्लोमा
सचिन पायलट का जन्म सात सितंबर 1977 को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में हुआ था। उनके पिता स्व. राजेश पायलट पूर्व केंद्रीय मंत्री थे। उनकी प्रारंभिक शिक्षा नई दिल्ली के एयर फोर्स बाल भारती स्कूल में हुई। उन्होंने सेंट स्टीफेंस कॉलेज से बीए की डिग्री हासिल की।
पूर्व मुख्यमंत्री फारुख अब्दुल्ला की बेटी से की शादी
सचिन पायलट ने गाजियाबाद के आईएमटी कॉलेज से मार्केटिंग में डिप्लोमा किया। इसके बाद अमेरिका के फिलाडेल्फिया में पेंसिलवेनिया विश्वविद्यालय के व्हार्टन स्कूल से एमबीए किया। 15 जनवरी 2004 को उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुख अब्दुल्ला की बेटी सारा अब्दुल्ला से शादी की। उनके दो बेटे हैं।
लेफ्टिनेंट पायलट के नाम से जानते हैं लोग
सचिन पायलट छह सितंबर 2012 को भारत की प्रादेशिक सेना में अधिकारी के रूप में नियुक्त होने वाले पहले क्रेंदीय मंत्री बने थे। इसी वजह से उन्हें लेफ्टिनेंट पायलट के रूप में भी जाना जाता है।