Rajasthan Weather Update : आंधी बारिश से पारा लुढ़का, इन जिलों में आज बरसेंगे बदरा
राजस्थान में शनिवार को मौसम का मिजाज बदल गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
विस्तार
राजस्थान में शनिवार को मौसम बदल गया। शनिवार शाम राजस्थान के कई इलाकों में धूलभरी आंधी चली और बारिश हुई। ऐसे में पारा लुढ़कने से लोगों को गर्मी के सितम से राहत मिली है।
जयपुर और दौसा समेत कुछ इलाकों में चने के आकार के ओले भी गिरे। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। वहीं रविवार को भी कुछ इलाकों में धूलभरी आंधियां चलने और मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। जयपुर से सटे दौसा के कुछ इलाके में बारिश हुई और कुछ इलाके में ओले गिरे। जयपुर संभाग के झुंझुनू जिले में भी धूलभरी आंधी चली।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते रविवार को जयपुर, अजमेर, बीकानेर, भरतपुर और कोटा संभाग के जिलों आंधी चलने के साथ ही बारिश हो सकती है। इसके साथ ही इन इलाकों में धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। वहीं तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। 23 मई को भी कई इलाकों में मेघगर्जन, आंधी और बारिश की संभावना है।