जालोर: कार में 45 किलो डोडा-पोस्त, गुजरात की फर्जी नंबर प्लेट और आगे एस्कॉर्ट, दो तस्कर गिरफ्तार
राजस्थान के जालोर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और पिंडवाड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मालेरा टोल नाके पर 45.598 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में जालोर के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और पिंडवाड़ा थाना पुलिस ने मालेरा टोल नाके पर बड़ी खेप पकड़ी है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक स्विफ्ट कार से 45.598 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया और जालोर के दो तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपी मादक पदार्थ की खेप उदयपुर की तरफ से कार में भरकर ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान कार से गुजरात नंबर की दो फर्जी नंबर प्लेट भी मिलीं। पुलिस के अनुसार, तस्करों ने कार्रवाई से बचने के लिए एक अन्य साथी को दूसरी कार से आगे चलाकर एस्कॉर्ट के लिए लगा रखा था, ताकि रास्ते में पुलिस की मौजूदगी का पता चल सके।
खुफिया सूचना के बाद सादा कपड़ों में की नाकेबंदी
एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में डोडा-पोस्त भरकर उदयपुर की दिशा से सांचौर, जालोर की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एएनटीएफ और पिंडवाड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। टीम ने मालेरा टोल नाके पर पहुंचकर सादा कपड़ों में निगरानी शुरू की और नाकेबंदी कर दी। इसी दौरान उदयपुर की तरफ से आ रही एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को पुलिस टीम ने रुकवाया। कार की तलाशी शुरू होते ही उसमें सवार दोनों युवक घबराने लगे। इसके बाद टीम ने वाहन की गहनता से जांच की, जिसमें 45.598 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ।
कार से गुजरात नंबर की दो फर्जी नंबर प्लेट भी मिलीं
तलाशी के दौरान पुलिस को कार से डोडा-पोस्त के अलावा गुजरात नंबर की दो फर्जी नंबर प्लेट भी मिलीं। जांच में सामने आया कि तस्करों ने पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए खास तरीका अपनाया था। उन्होंने अपने एक अन्य साथी को दूसरी कार से आगे चलने और एस्कॉर्ट करने की जिम्मेदारी दी थी। उसका काम रास्ते में पुलिस की मौजूदगी या नाकेबंदी की जानकारी देना था, ताकि तस्कर समय रहते सतर्क हो सकें।
मादक पदार्थ और कार जब्त, दोनों आरोपी गिरफ्तार
एएनटीएफ और पिंडवाड़ा थाना पुलिस ने मौके से बरामद 45.598 किलोग्राम डोडा-पोस्त और कार को जब्त कर लिया है। मामले में जालोर के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और इस नेटवर्क में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी जुटा रही है।