Rajasthan: हेलीकॉप्टर से पोती की विदाई, आठ लाख रुपये लगाकर दादा ने पूरी की हसरत, मंत्री मुरारीलाल भी पहुंचे
राजस्थान के दौसा जिले में एक दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर में बैठाकर की गई। पोती की इच्छा पूरी करने के लिए दादा ने यह हेलीकॉप्टर बुलवाया। इसे देखने के लिए कई गांव के लोग मौजूद रहे।
विस्तार
दौसा की ग्राम पंचायत बडोली से शनिवार को एक दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर में बैठाकर की गई। पोती की इच्छा पूरी करने के लिए दादा ने यह हेलीकॉप्टर बुलवाया। इस विदाई समारोह को देखने के लिए बडोली, सिंडोली और कुण्डल सहित आसपास के दर्जनों गांव के लोगों की सैकड़ों की संख्या में भीड़ उमड़ी।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चारों तरफ निश्चित दूरी क्षेत्र में बेरिकेट्स लगाए गए। दौसा के बडोली निवासी ठाकुर अमर सिंह नाथावत की पोती ममता कंवर की शादी चूरखेड़ा महुवा में रामसिंह तंवर के पोते घनश्याम के साथ शुक्रवार को सम्पन्न हुई। शनिवार सुबह 11 बजे दुल्हन की विदाई की गई।
दादा ने की पोती की इच्छा की पूरी...
दुल्हन ममता कंवर की इच्छा थी कि उसकी शादी में विदाई हेलीकॉप्टर से हो। उसने अपनी इस इच्छा को उसने परिजनों को बताया। उसकी इच्छा को ममता के दादा अमर सिंह नाथावत ने पूरी करने का आश्वासन दिया। पोती दादा की लाड़ली है, तो उन्होंने हेलीकॉप्टर पहले ही बुक करवा लिया। शादी समारोह की तारीख निश्चित होने के बाद उन्होंने कई जगह हेलीकॉप्टर बुक करने के लिए बात की। काफी घूमने के बाद आखिकार किराये पर हेलीकॉप्टर मंगवाया गया और दुल्हन ममता कंवर के दादो सा ठाकुर अमर सिंह ने अपनी पोती की इच्छा पूरी करते हुए हेलीकॉप्टर से विदा किया।
दूल्हा भी हेलीकॉप्टर से पहुंचा ससुराल...
दुल्हन पक्ष की ओर से किराये पर बुक किए गए हेलिकॉप्टर से दूल्हा चुरखेड़ा महवा से ससुराल बडोली पहुंचा। इसके लिए बडोली और चुरखेडा महुवा में अस्थाई हेलीपेड बनाया गया। दादोसा अमर सिंह ने अपनी लाडली पोती दुल्हन को हेलीकॉप्टर से विदा करने की इच्छा पूरी करने के लिए शाहपुरा से किराए पर हेलीकॉप्टर बुक किया, जिसके लिए के किराए और परमिशन सहित करीब आठ लाख रुपये खर्च हुए। तमाम खर्चा दुल्हन के परिवार की ओर से ही उठाया गया। दुल्हन के दादोसा अमर सिंह ने नाज और फक्र के साथ पोती को विदा किया।
पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद...
बडोली गांव के एक खेत में पर अस्थाई हेलीपैड बनाया गया। जहां सुरक्षा की दृष्टि से एंबुलेंस, दमकल सहित बड़ी संख्या में पुलिस प्रशासन मौजूद रहा। हेलीकॉप्टर वाले शादी समारोह में कृषि विपणन राज्यमंत्री मुरारीलाल मीणा, दौसा प्रधान प्रह्लाद नारायण मीणा, कांग्रेस मीडिया प्रभारी उमाशंकर बनियाना, कांग्रेस प्रवक्ता घनश्याम भांडारेज, बडोली सरपंच चंदाराम मीना सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने भी शिरकत की और वर-वधू को आशीर्वाद दिया।