Rajasthan Poll: प्रत्याशी तय, अब कल से कांग्रेस की गारंटी यात्रा, पायलट को यहां का जिम्मा, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट
Rajasthan Election 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस सभी सीटों पर प्रत्याशी उतार चुकी है। सोमवार यानी आज नामांकन का आखिरी दिन है। मंगलवार से कांग्रेस गारंटी यात्रा शुरू करने जा रही है। आइए, जानते हैं इस गारंटी यात्रा में क्या खास है?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Congress Guarantee Yatra: राजस्थान के सत्ता के संग्राम में हर पार्टी अपने तरकश में कोई बड़ा तीर लेकर चल रही है। कांग्रेस के पास इस बार 7 गारंटी है। जिसके लिए वह 7 नवंबर से प्रदेश भर में यात्राएं शुरू करने जा रही है। यात्रा की शुरुआत मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जयपुर से करेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिाकर्जुन खरगे और प्रियंका गांधी में से कोई एक नेता भी इस यात्रा में शामिल हो सकता है। यात्रा सातों संभाग से होकर गुजरेगी। जयपुर के बाद ये जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, बीकानेर, कोटा और फिर भरतपुर संभाग से शुरू होगी। हर संभाग में यात्रा के पहले दिन सीएम अशोक गहलोत और कांग्रेस के बड़े नेता शामिल होंगे।
राहुल गांधी के दौरे भी किए गए तय
यात्रा के लिए राहुल गांधी के 6 दौरे तय हो गए हैं। प्रियंका गांधी के भी 6 से 8 दौरे इस यात्रा के दौरान होने हैं। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के भी तीन दौरे होंगे।
135 विधानसभाओं सीटों से निकलेगी यात्रा
कांग्रेस की ये गारंटी यात्रा प्रदेश के सात संभागों की 135 विधानसभाओं से निकलेगी। इस दौरान करीब 6 रोड शो होंगे, जिसके लिए निर्वाचन आयोग की अनुमति ली जा रही है।
गारंटी के लिए सात प्रभारी
कांग्रेस की इन गारंटियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए एआईसीसी ने 7 प्रभारी नियुक्त किए हैं। सीपी जोशी को उदयपुर संभाग और सचिन पायलट को अजमेर संभाग में गारंटी यात्रा की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह हरीश चौधरी जोधपुर संभाग में यात्रा की जिम्मेदारी संभालेंगे। गोविंद राम मेघवाल के पास बीकानेर संभाग, भंवर जितेंद्र सिंह को जयपुर संभाग, मोहन प्रकाश को भरतपुर संभाग और प्रमोद जैन भाया को कोटा संभाग की कमान सौंपी गई है। एआईसीसी सेक्रेटरीज को संभाग समन्वयक का जिम्मा दिया गया है। इनमें काजी निजामुद्दीन, वीरेंद्र सिंह राठौड़, अमृता धवन को जोन समन्वयक बनाया गया।
ये सात गारंटी सरकार की
- महिलाओं को 10 हजार रुपए सालाना मानदेय
- दो रुपए किलो की दर से गौबर की खरीद
- 500 रुपए में गैस सिलेंडर
- ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करेंगे
- चिरंजीवी आपदा राहत बीमा
- सरकारी कॉलेज के प्रथम वर्ष के छात्रों को लैपटॉप
- प्रदेश में नए इंगलिश मीडियम स्कूल
कर्नाटक में मिली थी कामयाबी
बात दें कि गारंटी कार्ड कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा है जो कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान खूब चला था। इसके दम पर कांग्रेस कर्नाटक में शुरुआती कयासों के उलट प्रचंड बहुमत लाने में कामयाब रही। इसे देखते हुए कांग्रेस ने राजस्थान में सात गारंटी देने का एलान किया है।