Rajasthan: स्वर्णिम राजस्थान कार्यक्रम में शिरकत करने शांतिवन आएंगे CM भजनलाल, तीन अभियानों की होगी शुरुआत
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 10 फरवरी को ब्रह्माकुमारीज संस्थान के मुख्यालय शांतिवन में आयोजित स्वर्णिम राजस्थान कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद वह पहली बार आबूरोड (सिरोही) आ रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 10 फरवरी (शनिवार) को आबूरोड आएंगे। वे ब्रह्माकुमारीज संस्थान के मुख्यालय शांतिवन में आयोजित स्वर्णिम राजस्थान कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद वह पहली बार आबूरोड आ रहे हैं। इसके अलावा ब्रह्माकुमारीज द्वारा चलाए जा रहे जल जन अभियान, गोकुल गांव-सर्वांगीण विकास अभियान और श्रीअन्न मिलेट्स अभियान का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जोर-शोर से तैयारियाें का दौर जारी है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारी दौरा कर व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर राज्यमंत्री ओटाराम देवासी भी पिछले दिनों दौरा कर चुके हैं।
ब्रह्माकुमारीज के कार्यकारी सचिव बीके डॉ. मृत्युंजय भाई ने बताया कि मुख्यमंत्री 10 बजे आबूरोड हवाई पट्टी पर पहुंचेंगे। जहां से सड़क मार्ग द्वारा शांतिवन आएंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके पहली बार शांतिवन आगमन पर स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की जा रही है। वहीं, डायमंड हाल के पीछे एक्सपो लगाई जाएगी, जिसमें संस्थान द्वारा अलग-अलग देशव्यापी अभियानों के माध्यम से की जा रही सेवाओं की झांकी प्रस्तुत की जाएगी। वहीं, मजदूर संघ के बैनर तले भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
एक्सपो में रहेगी इनकी प्रदर्शनी, (मेडिकल विंग)
मेडिकल विंग द्वारा मार्च 2023 से देशव्यापी नशा मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अब तक देश के 28 राज्यों में सात हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। लाखों लोग अभियान से जुड़कर नशा मुक्ति का संकल्प ले चुके हैं। व्यापक स्तर पर अभियान को लेकर लोगों की सराहना मिल रही है। अभियान के तहत राजस्थान सहित देश के अन्य प्रदेशों में की गई सेवाओं की झलक दिखाई जाएगी।
कृषि एवं ग्राम विकास प्रभाग
कृषि एवं ग्राम विकास प्रभाग द्वारा राजस्थान सहित देश के अन्य प्रदेशों में गोकुल गांव- सर्वांगीण विकास अभियान चलाया जाएगा। इसका शुभारंभ भी मुख्यमंत्री करेंगे। अभियान के तहत गांवों में ग्रामीणों को स्वच्छता से लेकर जैविक-यौगिक खेती, जैविक खाद निर्माण, नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवन शैली, मानसिक स्वास्थ्य, राजयोग मेडिटेशन को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गांवों के सर्वांगीण विकास का रोडमेप तैयार किया जाएगा। एक्सपो में प्रभाग द्वारा किसानों के लिए की जा रही सेवाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
जल जन अभियान
संस्थान द्वारा जल संरक्षण और प्राचीन कुआं, बावड़ी, तालाब के जीर्णोद्धार, संरक्षण के लिए चलाए जा रहे जल जन अभियान के तहत नए सेवा कार्यों का शुभारंभ भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। अब तक देश के अलग-अलग कोने में ब्रह्माकुमारीज द्वारा तालाब, कुओं को जीर्णोद्धार किया गया है। तालाबों को गोद लेकर उन्हें संवारा गया है। भविष्य में भी राजस्थान में जल जन अभियान को गति देने के लिए कार्य योजना बनाई गई है।
श्रीअन्न मिलेट्स अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आहृान पर देश भर में श्रीअन्न (मिलेट्स) को बढ़ावा देने के लिए सामाजिक संस्थाओं से लेकर सरकारी स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसे देखते हुए ब्रह्माकुमारीज संस्थान ने भी श्रीअन्न के उपयोग के बढ़ावा देने के लिए कार्य योजना बनाई है। इसके तहत श्रीअन्न मिलेट्स अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत लोगों को प्रैक्टिकल में श्रीअन्न से बने व्यंजन बनाना सिखाया जाएगा। उन्हें श्रीअन्न का महत्व बताया जाएगा। अभियान को लेकर भी एक्सपो में प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
भाजपाइयों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आबूरोड दौरे की तैयारियों का लिया जायजा
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सांवरिया की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने शहर के मानपुर हवाई पट्टी पर आगामी 10 फरवरी को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आबूरोड दौरे को लेकर की जा रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान भाजपाइयों का कहना था कि मुख्यमंत्री के दौरे पर आबूरोड अस्पताल को जिला अस्पताल में अपग्रेड करने, आबूरोड को हवाई सेवा से जोड़ने, हवाई पट्टी को एयरपोर्ट में विकसित करवाने, आबूरोड में हिंदी माध्यम से उच्च माध्यमिक विद्यालय शुरू करवाने एवं सांतपुर तालाब का सौंदर्यीकरण करवाने की मांग की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा महामंत्री दिनेश सेन, गणेश आचार्य, मंडल उपाध्यक्ष राधेश्याम शाक्य, वरिष्ठ पार्षद अमर सिंह, युवामोर्चा जिला उपाध्यक्ष राजन वशिष्ठ, युवा मोर्चा अध्यक्ष दिपेश अग्रवाल एवं अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष राजीव मारू मौजूद रहे।