Rajasthan Election: BJP की सूची पर विरोध तेज, चित्तौड़गढ़ में प्रदेशाध्यक्ष के घर पथराव, राजसमंद ऑफिस में तोड़फोड़
Protest Against BJP Second List: भाजपा की दूसरी सूची के खिलाफ चित्तौड़गढ़, अलवर, जयपुर और राजसमंद समेत छह जिलों में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। चित्तौड़गढ़ में विधायक आक्या का टिकट कट गया है। उन्होंने सीपी जोशी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भाजप की पहली सूची की तरह दूसरी पर भी विरोध तेज हो गया है। प्रदेश छह जिलों चित्तौड़गढ़, अलवर, जयपुर, राजसमंद, उदयपुर और बूंदी में कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी के गृह जिले चित्तौड़गढ़ और राजसमंद में विरोध उग्र होता दिखाई दे रहा है। रविवार को सीपी जोशी के घर पर पथराव किया गया, जबकि राजसमंद में भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी गई। नाराज कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में रखी कुर्सियां तोड़ दी और चुनाव सामग्री भी फाड़ दी।
चित्तौड़गढ़ में विरोध क्यों?
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या का टिकट काटने के बाद कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। शनिवार को कार्यकर्ताओं ने इसे लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। ये रविवार को और तेज हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मानपुरा चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी का पुतला फूंका और उनके घर पर पत्थर भी फेंके गए। विरोध को देखते हुए शनिवार को ही जोशी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। टिकट कटने से नाराज कार्यकर्ताओं का कहना है कि चंद्रभान सिंह आक्या के साथ धोखेबाजी की गई है। उनके टिकट काटने का निर्णय गलत है।
क्या बोले थे आक्या?
टिकट कटने पर चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा- जोशी ने मेरे साथ खुन्नस निकाली है। उन्होंने कहा- ये झगड़ा पुराना है। जब मैं एबीवीपी का कार्यकर्ता था, उस समय सीपी जोशी एनएसयूआई में थे। वे एनएसयूआई से प्रेसिडेंट और वाइस प्रेसिडेंट भी बने। कॉलेज टाइम में और फिर पंचायत समिति के झगड़े चलते आए। सीपी जोशी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बन गए, तब से उनके मन में मेरे लिए खुन्नस है। इसी कारण से उन्होंने मेरा टिकट काटा है। मुझे इसकी जानकारी पहले से ही थी। आगे क्या करूंगा, इसका फैसला जनता और मेरे कार्यकर्ता करेंगे।
राजसमंद में क्यों नाराज हैं कार्यकर्ता?
भाजपा कार्यकर्ता यहां से दीप्ति माहेश्वरी को फिर से उम्मीदवार बनाए जाने का विरोध कर रहे हैं। वे महोश्वरी को बाहरी बता रहे हैं और स्थानीय प्रत्याशी दिनेश बडाला को टिकट देने की मांग कर रहे हैं। पार्टी के फैसले से नाराज कार्यकर्ता रविवार को कांकरोली रोड पर स्थिति पार्टी कार्यालय में घुस गए। यहां उन्होंने जमकर तोड़फोड़ कर दी। कार्यालय में रखीं कुर्सियां तोड़ डाली और चुनाव सामग्री भी नष्ट कर दी। नाराज कार्यकर्ता प्रत्याशी बदलने की मांग को लेकर कार्यालय के बाहर डटे हुए हैं।
सांगानेर सीट पर प्रत्याशी बदलने का विरोध
जयपुर की सांगानेर सीट से भाजपा ने विधायक अशोक लाहोटी का टिकट काट दिया। उनकी जगह भजनलाल शर्मा को टिकट दिया गया है। लाहोटी का टिकट कटने से नाराज उनके समर्थकों ने रविवार को भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने टायर में भी आग लगा दी।
बूंदी: अशोक डोगरा का विरोध, पुतला फूंका
अशोक डोगरा को भाजपा ने बूंदी सीट से प्रत्याशी बनाया है। डोगरा यहां से लगातार चुनाव जीत रहे हैं। शनिवार को सूची में उनका नाम सामने आने के बाद विरोधी गुट ने डोगरा का विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान नारेबाजी कर उनका पुतला भी फूंका गया।
उदयपुर: सिंघवी बोले- तो आर-पार की लड़ाई होगी
यहां से भाजपा ने ताराचंद जैन को उम्मीदवार बनाया है। जैन का नाम सामने आने के बाद उप महापौर पारस सिंघवी ने खुलकर अपनी बात रखी और असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया को भी निशाने पर लिया। सिंघवी ने कहा कि कटारिया उदयपुर की राजनीति को दूषित कर रहे हैं। जिस ताराचंद जैन को टिकट दिया गया है उन्होंने पांच साल पहले पार्टी को हराने का काम किया था। पार्टी अपने फैसले पर फिर से विचार करें नहीं तो आर-पार की लड़ाई लड़नी होगी।
अलवर में भी लगे भाजपा के खिलाफ नारे
भाजपा ने अलवर शहर से लगातार दूसरी बार संजय शर्मा को टिकट दिया गया है। शर्मा का नाम सामने आते ही कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान भाजपा और ओम माथुर के खिलाफ नारे लगाए गए। साथ ही शर्मा का पुतला भी फूंका गया।