Politics: हिम्मत है तो पायलट पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करें, छटी का दूध..., गुढ़ा की कांग्रेस आलाकमान को चुनौती
गहलोत सरकार के मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने सीएम अशोक गहलोत सहित कांग्रेस आलाकमान को भी जमकर खरी-खोटी सुनाई। झुंझुनू के टीबा में पायलट के साथ सार्वजनिक मंच से मंत्री गुढ़ा ने कहा, अगर कांग्रेस हाईकमान में हिम्मत है तो पायलट पर कार्रवाई करके बताएं। हम छठी का दूध याद दिला देंगे, क्योंकि राजस्थान की जनता पायलट के साथ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झुंझुनू जिले में खेतड़ी के टीबा गांव में शहीद श्योराम गुर्जर की प्रतिमा अनावरण समारोह में आयोजित सभा को सैनिक कल्याण मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने संबोधित करते हुए सरकार और कांग्रेस आलाकमान पर भी जमकर निशाना साधा है। अपने बयानों को लेकर विवादों में रहने वाले मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने एक बार फिर अपनी ही सरकार और कांग्रेस पार्टी हाईकमान के खिलाफ शब्द बाण चलाए हैं। राजेंद्र गुढ़ा बसपा से कांग्रेस में शामिल होने वाले छह विधायकों में से एक हैं, जिन्हें सीएम अशोक गहलोत ही मर्ज करवाकर कांग्रेस और सरकार में लाए थे।
मंत्री गुढ़ा ने कहा कि शहीद वीरांगना को नौकरी नहीं मिलना बड़ी दुख की बात है। सैनिक कल्याण मंत्री होने के बावजूद भी वह वीरांगना को नौकरी नहीं दिला पा रहे। ऐसे में वह वर्तमान सरकार में लाचार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेतड़ी के विधायक सीएम सलाहकार हैं, लेकिन एक सिपाही का ट्रांसफर भी नहीं करवा सकते हैं।
'पूरे पावर को मुख्यमंत्री ने सेंट्रलाइज कर रखा'
उन्होंने कहा कि यदि उनके हाथ में पावर होती तो वह शहीद के पूरे परिवार को नौकरी लगा देते और वीरांगना को भटकना नहीं पड़ता। पूरे पावर को मुख्यमंत्री ने सेंट्रलाइज कर रखा है। यदि कोई मुख्यमंत्री से किसी मामले की जांच करवाने की मांग करते हैं तो उन्हें अनुशासनहीनता पर कार्रवाई करने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट ने राजस्थान की 200 विधानसभाओं में जाकर प्रदेश में सरकार बनाने के लिए दिन-रात एक किया था। आज उन्हें अनुशासनहीनता करने की धमकियां भी दी जा रही हैं।
कार्यक्रम में ये लोग मौजूद रहे...
कार्यक्रम के दौरान नीमकाथाना विधायक सुरेश मोदी, विराटनगर विधायक इंद्राज गुर्जर, सीएम सलाहकार डॉ जितेंद्र सिंह, भाजपा नेता इंजी. धर्मपाल गुर्जर, प्रधान मनीषा गुर्जर, विधायक वेद प्रकाश सोलंकी, पूर्व विधायक श्रवण कुमार और हजारीलाल गुर्जर आदि ने संबोधित किया। इस दौरान सचिन पायलट ने शहीद वीरांगना सुनीता देवी का शाल ओढ़ाकर सम्मान भी किया गया। वहीं शहीद के दोनों बच्चों को दुलार किया। इस दौरान शहीद श्योराम गुर्जर की 20 ग्रेनेडियर यूनिट के जवानों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प चक्र अर्पित कर नमन किया।
इस मौके पर डिप्टी सीएमएचओ डॉ छोटेलाल गुर्जर, रूपचंद सिराधना, रघुवीर सिंह, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कैलाश गुर्जर, योगेश गुर्जर, धर्मवीर खटाना, राजपाल डोई, महेश, सुभाष तातीजा, डॉक्टर सुभाष मेहाड़ा, राजेश खटाना, जोगेंद्र छिल्लर, छोटेलाल पहलवान, चुन्नीलाल चनेजा, हरिराम गुर्जर, बबलू अवाना, नेतराम दुधवा, रविंद्र सिंह, मायाराम अवाना, धर्मा पहलवान, मूर्तिकार विरेंद्र सिंह खुडानिया और अनिता देवी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।