Jodhpur Violence: अब तक 211 आरोपी गिरफ्तार, दो दिन के लिए बढ़ाया गया कर्फ्यू
जोधपुर प्रशासन ने बताया कि हिंसा में क्षतिग्रस्त मकानों और दुकान की सूची बना ली गई है। सूची को मुआवजे के लिए सरकार को भेजा जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जोधपुर हिंसा के बाद लगाया गया कर्फ्यू दो दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। अब जोधपुर के 10 थाना क्षेत्र में कर्फ्यू छह मई की रात 12 बजे तक रहेगा। आगामी आदेश तक इंटरनेट भी बंद रहेगा।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून और व्यवस्था हवासिंह घुमरिया ने बताया कि भाजपा के नेताओं ने बुधवार को आमरण अनशन करने की जो घोषणा की थी, उसे वापस ले ली है। शांति समिति की बैठक में आए व्यवधान के बाद शाम को फिर भाजपा सांसद और विधायक से बात हुई, उसमें अनशन की घोषणा वापस लेने पर सहमति बनी।अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने कहा कि हम किसी के दुश्मन नहीं है। जोधपुर उपद्रव के जो भी दोषी हैं, उनको बख्शा नहीं जाएगा। जो लोग निर्दोष हैं, उन्हें फंसाया नहीं जाएगा। पुलिस पूरी तरह से सबूतों के आधार पर ही आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।
महानिदेशक पुलिस एम एल लाठर ने बताया कि जोधपुर में स्थिति नियंत्रण में है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस हर संभव कदम उठा रही है। शांति समिति की बैठकें आयोजित कर सद्भावना का प्रयास जारी है। पुलिस ने अब तक कुल 211 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 191 को धारा 151 में और 20 को अन्य मुकदमों में गिरफ्तार किया गया है। अब तक पुलिस की ओर से एफआईआर और आमजन की ओर से 15 एफआईआर सहित कुल 19 एफआईआर दर्ज की गई हैं ।
मुआवजे के लिए बनाई सूची
जोधपुर में हुए उपद्रव में 29 दो पहिया और 21 चार पहिया वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया। इसी तरह तेरा भवन और चार दुकानें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। जिला कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन ने सर्वे के बाद वाहनों और भवनों की सूची बनाई है। जिसे मुआवजे के लिए सरकार को भेजा जाएगा।
60 को जमानत
बुधवार आधी रात तक खुली कमिश्नरेट कोर्ट ने 60 लोगों को जमानत दे दी है। इस बीच भीतरी शहर में स्थानीय लोगों ने एक पहल करते हुए दोनों समुदाय की बैठक बुलाई। इस बैठक में दोनों समुदाय के लोगों के बीच शांति बनाए रखने को लेकर सहमति बनी।
राज्यपाल ने डीजीपी को दिए निर्देश
राज्यपाल कलराज मिश्र ने गुरुवार को प्रदेश के पुलिस महानिदेशक एमएल लाठर को फोन कर जोधपुर हिंसा की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस महानिदेशक को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और कानून एवं शांति व्यवस्था हर स्तर पर कायम रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस महानिदेशक को यह भी निर्देश दिए कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो।