{"_id":"6a4ddc693379ec0ada0e5741","slug":"sms-medical-college-forensic-hod-dr-nl-disania-dies-by-suicide-at-jaipur-residence-jaipur-news-c-1-1-noi1422-4478563-2026-07-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan: SMS मेडिकल कॉलेज के एचओडी डॉ. एन.एल. डिसानिया ने किया सुसाइड; घर में फंदे से लटके मिले; शोक की लहर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan: SMS मेडिकल कॉलेज के एचओडी डॉ. एन.एल. डिसानिया ने किया सुसाइड; घर में फंदे से लटके मिले; शोक की लहर
Wed, 08 Jul 2026 01:28 PM IST
जयपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: जयपुर ब्यूरो
Updated Wed, 08 Jul 2026 01:28 PM IST
सार
जयपुर के एसएमएस मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. एन.एल. डिसानिया का निधन हो गया। वे अपने आवास पर फंदे से लटके मिले। पुलिस आत्महत्या की आशंका सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उनके निधन से चिकित्सा जगत में शोक की लहर है।
विज्ञापन
SMS मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक HOD डॉ. एन.एल. डिसानिया
- फोटो : Amar Ujala
विस्तार
जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) मेडिकल कॉलेज से बुधवार को दुखद खबर सामने आई। मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष (एचओडी) डॉ. एन.एल. डिसानिया का निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही चिकित्सा जगत और एसएमएस मेडिकल कॉलेज में शोक की लहर दौड़ गई।
विज्ञापन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात परिवार के सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे। देर रात घर लौटने पर डॉ. डिसानिया अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल खातीपुरा स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विज्ञापन
फोरेंसिक मेडिसिन के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ थे
डॉ. एन.एल. डिसानिया एसएमएस मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ और प्रतिष्ठित फोरेंसिक विशेषज्ञों में शामिल थे। चिकित्सा शिक्षा, पोस्टमार्टम विज्ञान और फोरेंसिक अनुसंधान के क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में अनेक चिकित्सकों और विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। करीब दो महीने पहले ही उनकी मौजूदगी में एसएमएस अस्पताल में अत्याधुनिक फोरेंसिक प्रयोगशाला का शुभारंभ हुआ था। इस प्रयोगशाला को प्रदेश में फोरेंसिक जांच और अनुसंधान के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना गया था।
ये भी पढ़ें- सहारा छिना तो बेबस हुई 85 साल की मां: बेटे के अंतिम संस्कार के लिए भी नहीं थे पैसे, 'दूत' बनकर पहुंचे अधिकारी
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। डॉ. डिसानिया के असामयिक निधन से चिकित्सा समुदाय, विद्यार्थियों और उनके परिचितों में गहरा शोक है।