Gehlot Vs Ghanshyam: 'नरसिम्हा सरकार में लोकसभा में नोटों के बंडल उड़ाए गए, वे BJP से पूछ रहे तुमने क्या किया'
पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में लोकसभा में नोटों के बंडल उड़ाए गए थे। वही लोग आज भारतीय जनता पार्टी से पूछ रहे हैं कि तुमने क्या किया है? यह बातें राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व सीएम अशोक गहलोत के ट्वीट का जवाब देते हुए कहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय स्टेट बैंक ने सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद इलेक्टोरल बॉन्ड्स का डेटा चुनाव आयोग को सौंप दिया था। उसके बाद से इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर अब सियासत गरमा गई है। इलेक्टोरल बॉन्ड्स पर राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होने कहा है कि इलेक्टोरल बॉन्ड देश का सबसे बड़ा घोटाला है। BJP द्वारा मचाई गई लूट देश के सामने आई है। ED भाजपा का एक्सटोर्सन डिपार्टमेंट बनकर रह गई, जिन कंपनियों पर केन्द्रीय एजेंसियों ने छापे मारे हैं, उन्होंने ही भाजपा को इलेक्टोरल बॉन्ड से चंदा दिया है। इसीलिए उन पर चल रही कार्रवाई रुक गई।
पूर्व सीएम गहलोत ने यह बात अपने अधिकारिक सोशल मीडिया एक्स पर कही है। उन्होंने आगे कहा है कि भाजपा ने सट्टेबाजी, जुआ आदि का काम करने वाली कंपनियों तक से चंदा लिया है। यही भाजपा के चरित्र का सत्यापन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से कह रही थी कि इलेक्टोरल बॉन्ड देश का सबसे बड़ा घोटाला है। उन्होंने कहा, अब यह देश के सामने आ गया है कि भाजपा देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी है, जिसने भ्रष्टाचार का सरकारीकरण कर दिया है। ऐसा पहली बार देखा गया है कि जो कंपनियां घाटे में चल रही हैं, वह भी करोड़ों रुपये का चंदा भाजपा को दे रही हैं।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ट्वीट का जवाब देते हुए राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी बोले कि हमारे राजस्थान में कहावत है कि 'सी कहे छलनी से तेरे में छेद है' वह कांग्रेस जो लुटेरों से भरी पड़ी है। वह कांग्रेस जिनके प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव के काल में लोकसभा में नोटों के बंडल उड़ाए गए, वह कांग्रेस जिसने परमिट जारी करके चंदा वसूली का काम किया, वह कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगा रही है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह तय किया था कि सब काम पारदर्शिता के साथ होना चाहिए, उन्होंने किया है। भारतीय जनता पार्टी से ज्यादा इलेक्टोरल बॉन्ड का चंदा कांग्रेस, डीएमके और टीएमसी किसान वाली सरकारों को मिला है। भाजपा का सब काम पारदर्शी है।
भजनलाल सरकार 'वंडर सरकार', महज 90 दिन में संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने में जुटी : घनश्याम तिवाड़ी
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश की भजनलाल सरकार को वंडर सरकार बताया। सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि महज 90 दिन में प्रदेश की भजनलाल सरकार ने प्रदेश की 73 लाख महिलाओं को 450 रुपये में एलपीजी सिलेंडर देने का वादा पूरा किया। वहीं, चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पेट्रोल-डीजल की दरों की समीक्षा के लिए कहा था। लेकिन कल केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर दो रुपये कम किये और प्रदेश की भजनलाल सरकार ने दो प्रतिशत वैट और फ्रेट घटाकर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में पेट्रोल-डीजल की दरों में विसंगतियों को दूर किया है।
सासंद घनश्याम तिवाड़ी ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता जो कि 46 प्रतिशत था, उसको बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया। इससे राज्य सरकार को 1640 करोड़ का अतिरिक्त भार वहन करना पड़ेगा। वहीं, पेट्रोल-डीजल पर वैट-फ्रेट कम करने से 1750 करोड़ रुपया तेल कंपनियों को चुकाएगी। एसआईटी द्वारा त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए उन्होने कहा कि यही एसआईटी पहले भी थी और आज भी है। भजनलाल सरकार द्वारा एसआईटी गठन के तुरंत बाद पेपर लीक प्रकरण के 65 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 20 डमी कैंडिडेट और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही गैंगेस्टर एक्ट में कार्रवाई करते हुए 15 हजार लोगों को पाबंद किया गया है।
सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय राजस्थान देश का सबसे महंगा प्रदेश कहलाया जाता था, लेकिन भाजपा सरकार आते ही एलपीजी गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल की दरों को कम करने से महंगाई पर नियंत्रण होने लगा है। वहीं, प्रदेश की भजनलाल सरकार ने थर्मल पावर प्लांट के लिए काॅल आवंटन के समय ही समुचित कोयला खरीदकर आपूर्ति को सुनिश्चित किया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने रूस-यूक्रेन युद्ध के बावजूद रूस से 30 प्रतिशत क्रूड खरीदकर रिफाइनरी से शुद्ध कर यूरोप में एक्सपोर्ट करने का काम किया है। ऊर्जा के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बन रहा है और देश के भीतर ऊर्जा तंत्र मजबूत हो रहा है। ईआरसीपी समझौते के बाद जहां पहले 13 जिलों को इससे लाभ मिलने की बात कही गई थी। अब इस समझौते का विस्तार करते हुए 21 जिलों को पानी मिलेगा। वहीं, यमुना जल समझौते के बाद प्रदेश के झुंझुनूं, चूरू, सीकर और नीमकाथाना जिलों को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा। प्रेसवार्ता के दौरान मंच पर प्रदेश महामंत्री एवं विधायक जितेन्द्र गोठवाल, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप धनकड़ और भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ मौजूद रहे।