Rajasthan Election: राजस्थान में रात तक होती रही वोटिंग, 74 फीसदी से ज्यादा मतदान, अंतिम आंकड़ों का इंतजार
Rajasthan Assembly Election 2023 Polling: राजस्थान में विधानसभा चुनाव की वोटिंग हो गई है। कुल 199 सीटों पर 74 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ है। राज्य में सबसे ज्यादा जैसलमेर में 82.32 प्रतिशत मतदान हुआ है और सबसे कम मतदान पाली में 65.12 प्रतिशत मतदान हुआ है।
विस्तार
राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को मतदान हुआ। मतदान देर रात तक जारी रहा। मतदान प्रतिशत के आधिकारिक आंकड़ों का इंतजार अभी तक जारी है।
इस बीच रात 11 बजे के करीब यह जानकारी सामने आई कि प्रदेश में 74.96% मतदान हुआ है। बताया गया कि 74.13% + पोस्टल बैलेट + होम वोटिंग 0.83% = 74.96% मतदान हुआ है। हालांकि, मतदान समाप्ति का फाइनल डेटा जल्द ही जारी होगा। इस बीच यह क्लियर हो गया है कि इस बार पिछले साल से ज्यादा मतदान हुआ है। मालूम हो कि 2018 में राजस्थान में 74.06 प्रतिशत मतदान हुआ था।
बताते चलें कि राजस्थान में हर पांच साल में सरकार बदलने का रिवाज चला रहा है। इसके साथ ही पिछले 20 साल का वोटिंग ट्रेंड यह भी कहता है कि जब भी मतदान प्रतिशत घटा है तो इसका सीधा लाभ कांग्रेस को मिला है। जबकि मतदान प्रतिशत बढ़ने का फायदा बीजेपी को मिला है। इस बार चुनाव में 5.25 वोटर्स थे और 1862 उम्मीदवार मैदान में उतरे थे। अब तीन दिसंबर को नतीजे आएंगे।तब पता चल सकेगा कि राजस्थान में रिवाज कायम रहता है या गहलोत सरकार परंपरा को तोड़ पाती है?
बताते चलें कि राजस्थान में कुल 200 सीटें हैं। लेकिन वोटिंग 199 सीटों पर हुई है। राज्य में 2013 और 2018 में भी 199 सीटों पर मतदान हुआ था। इस साल चुनाव के बीच श्रीगंगानगर जिले की करणपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कूनर (75 साल) का निधन हो गया। ऐसे में चुनाव आयोग ने मतदान स्थगित कर दिया था। कूनर ने चार नवंबर को नामांकन भरा था। अब यहां उपचुनाव कराए जाएंगे। गुरमीत सिंह वर्तमान में करणपुर से कांग्रेस विधायक भी थे, उन्होंने 2018 में निर्दलीय चुनाव जीता था और मंत्री बने थे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.