जयपुर: दीपावली पर शहर में नकली नोट खपाने की थी तैयारी, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
जयपुर पुलिस ने भट्टा बस्ती इलाके में कार्रवाई कर तीन लाख 45 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए और शाहबाज खान को पकड़ा। आरोपी ने पुरानी दिल्ली से नोट लाकर दीपावली पर बाजार में खपाने की तैयारी की थी। पुलिस अब नकली करेंसी की सप्लाई और इसमें शामिल नेटवर्क की जांच कर रही है।
विस्तार
जयपुर में पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार का खुलासा करते हुए तीन लाख 45 हजार रुपये की नकली करेंसी पकड़ी है। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर शाहबाज खान (33) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पुरानी दिल्ली से पांच-पांच सौ रुपये के नकली नोट लेकर जयपुर आया था। दीपावली के त्योहार के दौरान इन नोटों को बाजार में खपाने की तैयारी थी।
सीएसटी ने रविवार देर रात नाहरी का नाका स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी शाहबाज को पकड़ा और आगे की कार्रवाई के लिए भट्टा बस्ती थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि नकली नोटों की सप्लाई और उन्हें बाजार में चलाने के नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।
एक लाख की असली करेंसी के बदले तीन लाख के नकली नोट
स्पेशल कमिश्नर (ऑपरेशन) ओमप्रकाश के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने नकली नोट पुरानी दिल्ली में जामा मस्जिद के आसपास के इलाके से लाने की बात कही है। उसने त्योहार के दौरान जयपुर में इन नोटों को खपाने की तैयारी की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने एक लाख रुपये की असली करेंसी के बदले तीन लाख रुपये के नकली नोट देने की बात कही। अब पुलिस उसके संपर्कों और स्थानीय नेटवर्क की पड़ताल कर रही है, ताकि नकली नोटों की सप्लाई से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचा जा सके।
पहली नजर में असली जैसे दिखते हैं नोट
स्पेशल कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि जब्त किए गए नोट देखने में असली नोटों जैसे लगते हैं। पहली नजर में इनमें अंतर पहचानना मुश्किल हो सकता है। हालांकि, ध्यान से देखने पर नोटों के कागज और छपाई की गुणवत्ता में फर्क नजर आता है।
पुलिस की जांच में एक नोट पर ऊपर और नीचे अलग-अलग सीरियल नंबर अंकित मिले। इस गड़बड़ी से नोट के नकली होने का संकेत मिला। पुलिस अब जब्त करेंसी की जांच के साथ यह भी पता लगा रही है कि आरोपी को ये नोट कहां से मिले और इन्हें जयपुर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
त्योहार के सीजन में नकली नोट खपाने की आशंका
पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान बाजार में खरीदारी बढ़ने के बीच नकली नोट खपाने की कोशिशें सामने आती हैं। इस मामले में भी पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क है। स्पेशल कमिश्नर के मुताबिक, नकली नोटों के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल मामले की जांच भट्टा बस्ती थाना पुलिस कर रही है।