अमायरा खुदकुशी मामला: नीरजा मोदी स्कूल की CBSE मान्यता बहाली को लेकर प्रदर्शन, दोषियों को सजा दिलाने की मांग
नीरजा मोदी स्कूल जयपुर की CBSE मान्यता रद्द होने के विरोध में स्कूल के छात्रों व उनके अभिभावकों ने आज स्कूल के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर मान्यता बहाल करने की मांग की।
विस्तार
राजस्थान के जयपुर स्थित नीरजा मोदी स्कूल छात्रों व उनके अभिभावकों ने स्कूल की केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्धता बहाल करवाए जाने की मांग को लेकर आज शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र और उनके अभिभावक शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान अभिभावकों और छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगाए और CBSE से इस मामले में हस्तक्षेप करने, पारदर्शिता बरतने और जवाबदेही तय करने की मांग की। अभिभावकों कां ने कहा कि उन्होंने अपने बच्चों का भविष्य स्कूल और CBSE पर भरोसा करके सौंपा था, क्योंकि उन्हें स्कूल की वैध CBSE मान्यता का आश्वासन दिया गया था। ऐसे में अचानक स्कूल की संबद्धता निरस्त कर देना बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
अभिभावकों और छात्रों का कहना है कि CBSE द्वारा स्कूल की संबद्धता रद्द किए जाने से छात्रों के भविष्य को लेकर गहरी चिंता और अनिश्चितता पैदा हो गई है। खासतौर पर कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों पर इसका गंभीर असर पड़ रहा है, क्योंकि उनकी बोर्ड परीक्षाएं, ट्रांसफर सर्टिफिकेट और आगे की पढ़ाई सीधे तौर पर CBSE मान्यता से जुड़ी हुई है।
छात्रों ने बताया कि इस अनिश्चितता के कारण उन पर मानसिक दबाव बढ़ गया है और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, अभिभावकों ने कहा कि संबद्धता रद्द होने से छात्रों की CBSE परीक्षाओं में बैठने और आधिकारिक प्रमाण पत्र प्राप्त करने की पात्रता पर खतरा मंडरा रहा है।
यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा। प्रदर्शनकारियों ने CBSE अधिकारियों और उच्च शिक्षा प्राधिकरणों का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित करने की कोशिश की। उन्होंने मांग की कि मामले की तत्काल जांच की जाए और छात्रों के शैक्षणिक हित व भविष्य को ध्यान में रखते हुए स्कूल की CBSE संबद्धता को शीघ्र बहाल किया जाए।