Rajasthan: नगर निगम में पार्षदों पर गोमूत्र-गंगाजल छिड़ककर बोले बालमुकुंद, अब तक जो अपराध किए, उनसे मुक्त हुए
जयपुर नगर निगम हेरिटेज में कार्यवाहक मेयर कुसुम यादव के पदभार ग्रहण के दौरान कांग्रेस से बीजेपी में आए पार्षदों का गंगाजल और गोमूत्र से शुद्धिकरण किया गया। बीजेपी विधायक महंत बालमुकुंद आचार्य ने सभी पार्षदों पर गंगाजल छिड़का और जय श्री राम के नारे लगाए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जयपुर नगर निगम हेरिटेज में कार्यवाहक मेयर कुसुम यादव पदभार ग्रहण करने के दौरान अनोखा ही नजारा देखने को मिला। यहां बीजेपी में शामिल हुए कांग्रेस पार्षदों का शुद्धिकरण किया गया। साथ ही जय श्री राम के जयकारे भी लगाए गए। मेयर की कुर्सी पर बैठते ही कुसुम यादव ने रामराज की बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी पार्षद कांग्रेस के शासन से त्रस्त थे। साथ ही महापौर से भी परेशान थे। यही वजह रही कि उन सभी ने भाजपा का दामन थामा है। अब जयपुर हेरिटेज नगर निगम में अब राम राज्य स्थापित होगा।
बता दें कि जयपुर के हेरिटेज नगर निगम में मुनेश गुर्जर को भ्रष्टाचार के मामले में मेयर पद से हटाए जाने के बाद अब कुसुम यादव को कार्यवाहक मेयर की कमान सौंपी गई है। ऐसा संभव हुआ क्योंकि रातोंरात कांग्रेस के 8 पार्षद बिना शर्त भाजपा में शामिल हो गए। ये वही पार्षद हैं जो पूर्व मेयर मुनेश गुर्जर के खिलाफ असंतोष व्यक्त कर रहे थे और उन्हें बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे।
कार्यवाहक मेयर कुसुम यादव का पदभार ग्रहण
इस पूरी गुणा-गणित के बाद कार्यवाहक मेयर कुसुम यादव को पदभार ग्रहण कराया गया, लेकिन उससे पहले बीजेपी विधायक महंत बालमुकुंद आचार्य ने एक अनोखा ही नजारा प्रस्तुत किया। बालमुकुंद ने एक अनोखी परंपरा निभाते हुए कुर्सी और भवन को गंगाजल और गोमूत्र से शुद्ध किया। इतना ही नहीं उन्होंने भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों का भी शुद्धिकरण किया। महंत बालमुकुंद आचार्य ने सभी पार्षदों के पास जाकर उन पर गंगाजल और गोमूत्र छिड़का। साथ ही जय श्री राम के नारे लगाते हुए उन्हें गंगाजल ग्रहण भी कराया। इस दौरान बालमुकुंद आचार्य ने अपने कृत्य का स्पष्टीकरण भी दिया। उन्होंने गंगाजल पिलाने के मायने बताए। उन्होंने कहा कि अब तक जो अपराध किए हैं, उससे मुक्त कराने के लिए गंगाजल और गोमूत्र का सेवन कराया जाता है, ताकि सब सनातनी होकर सात्विक पवित्रता से काम करें।
जोड़-तोड़ से बनाया अपना बोर्ड
भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में मनोज मुद्गल (वार्ड 35), उत्तम शर्मा (वार्ड 49), ज्योति चौहान (वार्ड 46), सुशीला देवी (वार्ड 63), अरविंद मीठी (वार्ड 71), मोहम्मद जकरिया (वार्ड 65) पारस जैन (वार्ड 80) और संतोष कर (वार्ड 78) शामिल हैं। इन सभी पार्षदों ने हस्ताक्षर युक्त समर्थन पत्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा। ये 8 पार्षद कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचारियावास के बेहद करीबी माने जाते रहे हैं। जयपुर नगर निगम हेरिटेज में कुल 100 पार्षद थे, जिनमें 47 कांग्रेस, 42 भाजपा और 11 निर्दलीय थे। हाल ही में पार्षद नीरज अग्रवाल ने भी भाजपा जॉइन कर ली थी और अब कांग्रेस के 8 अन्य पार्षदों के भाजपा में शामिल होने से भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। अब चर्चा का विषय ये है कि कांग्रेसी नेताओं की वर्चस्व की लड़ाई का बीजेपी को फायदा मिला है और जोड़-तोड़ कर अपना बोर्ड बना लिया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.