राजस्थान निकाय चुनाव: कांग्रेस ने 200 समन्वयकों की जम्बो सूची जारी की, जयपुर बीजेपी में 2500 से ज्यादा दावेदार
राजस्थान निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस ने 200 विधानसभा क्षेत्रों में वरिष्ठ नेताओं को चुनाव समन्वयक बनाया। जयपुर में भाजपा के 150 वार्डों के लिए 2500 से ज्यादा दावेदार सामने आए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान में नगर निकाय चुनाव का काउंटडाउन शुरू होते ही राजनीतिक दलों ने टिकट वितरण की तैयारियां तेज कर दी हैं। जयपुर में पार्षद की टिकट के लिए दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भाजपा में 150 वार्डों के लिए अब तक 2500 से ज्यादा कार्यकर्ता और आम लोग टिकट की दावेदारी जता चुके हैं। टिकट की दौड़ में महिला दावेदार भी बड़ी संख्या में सामने आई हैं।
इसी बीच कांग्रेस ने भी निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन को सक्रिय कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 200 वरिष्ठ नेताओं को चुनाव समन्वयक नियुक्त किया है। इन नेताओं को स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं और संभावित प्रत्याशियों से फीडबैक लेकर जिताऊ उम्मीदवारों के चयन में भूमिका निभाने की जिम्मेदारी दी गई है।
24 से 26 अगस्त तक फील्ड में रहेंगे समन्वयक
कांग्रेस के जिला प्रभारी, सह-प्रभारी और विधानसभा चुनाव समन्वयक 24, 25 और 26 अगस्त को संबंधित जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे। इस दौरान ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं और टिकट के दावेदारों के साथ बैठकें की जाएंगी। जिला प्रभारी और चुनाव समन्वयक मिलकर संभावित प्रत्याशियों के बारे में जमीनी फीडबैक जुटाएंगे।
डोटासरा ने सभी समन्वयकों को 27 अगस्त तक अपनी विस्तृत ग्राउंड रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस इस प्रक्रिया के जरिए टिकट वितरण से पहले स्थानीय समीकरण, कार्यकर्ताओं की राय और उम्मीदवारों की जीत की संभावनाओं का आकलन करेगी।
यह भी पढें- जयपुर नगर निगम चुनाव: प्रत्येक 10 वार्डों के लिए होगा एक सेंटर, जानिए किसे कहां भरना होगा नामांकन
भाजपा में 2500 से ज्यादा दावेदार
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में पार्षद पद के लिए भाजपा में 2500 से अधिक दावेदार सामने आ चुके हैं। पार्टी के जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल के अनुसार, इनमें करीब 1000 बायोडाटा महिलाओं के हैं। खास बात यह है कि महिलाओं ने आरक्षित वार्डों के साथ-साथ सामान्य यानी ओपन वार्डों से भी टिकट की दावेदारी की है।
ऐसे में टिकट वितरण के दौरान महिला दावेदारों को लेकर भी पार्टी में व्यापक मंथन की संभावना है। स्थानीय राजनीति में पार्षद का पद आगे की सियासी राह का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है। यही वजह है कि टिकट के लिए नेताओं से लेकर जमीनी कार्यकर्ताओं तक ने पूरी ताकत झोंक दी है।
150 वार्ड, 50 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित
जयपुर नगर निगम के एकीकृत स्वरूप में इस बार कुल 150 वार्डों में पार्षदों का चुनाव होगा। इनमें 50 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब राजनीतिक दलों के स्तर पर उम्मीदवारों के चयन की कवायद तेज हो गई है।
11 सितंबर को मतदान, 14 सितंबर को मतगणना
राजस्थान में नगर निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। जयपुर नगर निगम के लिए दूसरे चरण में 11 सितंबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 14 सितंबर को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनावी तारीख नजदीक आने के साथ ही दोनों प्रमुख दलों में टिकट के दावेदारों की सक्रियता और बढ़ने की संभावना है।