राजस्थान: पंचायत चुनाव में टूटा वोटिंग का रिकॉर्ड , पिछले चुनावों के मुकाबले 1.77 फीसदी ज्यादा पड़े वोट
राजस्थान में पंचायत चुनाव के पहले चरण में सरपंच पद के लिए 83.05 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पिछले चुनाव के मुकाबले 1.77 प्रतिशत अंक ज्यादा है। झालावाड़ और बाड़मेर में सबसे अधिक मतदान दर्ज किया गया, जबकि पाली में सबसे कम वोट पड़े।
विस्तार
राजस्थान में पंचायत चुनाव के पहले चरण में सरपंच पद के लिए मतदाताओं ने पिछले चुनाव के मुकाबले ज्यादा उत्साह दिखाया। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के अनुसार, इस बार सरपंच चुनाव में अंतिम मतदान प्रतिशत 83.05 रहा, जबकि पिछले चुनाव में 81.28 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस तरह मतदान में 1.77 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पहले चरण में 16 जिलों की 104 पंचायत समितियों की 3,255 ग्राम पंचायतों में मतदान हुआ। कुल 83,20,260 मतदाताओं में से 69,09,790 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
शाम छह बजे के बाद भी जारी रहा मतदान
मतदान के दौरान सुबह से ही वोट डालने का सिलसिला जारी रहा। सुबह 10 बजे तक 19.40 प्रतिशत, दोपहर एक बजे तक 44.97 प्रतिशत और दोपहर तीन बजे तक 62.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शाम छह बजे तक यह आंकड़ा 80.22 प्रतिशत पहुंचा। इसके बाद मतदान केंद्रों पर कतार में लगे मतदाताओं को वोट डालने का मौका दिया गया, जिससे अंतिम मतदान प्रतिशत बढ़कर 83.05 हो गया।
झालावाड़ और बाड़मेर में सबसे ज्यादा मतदान
जिलेवार आंकड़ों में झालावाड़ 90.32 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रहा। बाड़मेर में 90.24 प्रतिशत, फलोदी में 88.48 प्रतिशत, बीकानेर में 88.11 प्रतिशत और जयपुर में 86.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इसके उलट पाली में सबसे कम 64.57 प्रतिशत मतदान हुआ। सिरोही में 68.93 प्रतिशत, राजसमंद में 76.58 प्रतिशत और डूंगरपुर में 81.33 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।
यह भी पढें- राजस्थान: पंचायत चुनाव में वोटों की गिनती शुरू, जयपुर के मोरीजा में वोट चोरी के आरोप पर हंगामा
सेड़वा पंचायत समिति में 93 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग
पंचायत समितियों में बाड़मेर की सेड़वा में सबसे ज्यादा 93.03 प्रतिशत मतदान हुआ। झालावाड़ की मनोहरथाना में 92.92 प्रतिशत, बाड़मेर की मांगता में 91.91 प्रतिशत, लीलसर में 91.81 प्रतिशत और धनाऊ में 91.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
सबसे कम मतदान सिरोही की कालंद्री पंचायत समिति में 57.35 प्रतिशत रहा। पाली की रानी स्टेशन में 57.63 प्रतिशत, मारवाड़ जंक्शन में 63.67 प्रतिशत, सुमेरपुर में 64.17 प्रतिशत और सिरोही की शिवगंज पंचायत समिति में 65.22 प्रतिशत मतदान हुआ।
आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा मतदान वाली पंचायत समितियों में बाड़मेर की कई समितियां शामिल रहीं। वहीं, कम मतदान वाली पांच समितियों में से तीन पाली और दो सिरोही जिले की हैं।
जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव से ज्यादा मतदान
पहले चरण में 22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में करीब 63 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके मुकाबले सरपंच पद के लिए 83.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यानी दोनों चुनावों के मतदान प्रतिशत में करीब 20 प्रतिशत अंक का अंतर रहा।