खुशखबर: हूटर बजाकर राजस्थान के सबसे बड़े बीसलपुर बांध के 4 गेट खोले, 36060 क्यूसेक पानी की निकासी
राजस्थान का सबसे बड़ा पेयजल प्रोजेक्ट बीसलपुर बांध आज ओवरफ्लो हो गया। इसके बाद जलसंसाधन मंत्री ने बीसलपुर पहुंचकर विधिवत पूजा अर्चना की और बटन दबाकर बांध के चार गेट खोले।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान की बड़ी आबादी के लिए सुबह-सुबह खुश करने वाली खबर देवली से आई। जयपुर, अजमेर और टोंक सहित कई अन्य इलाकों को पीने का पानी सप्लाई करने वाला बीसलपुर बांध 5 साल बाद फिर ओवर फ्लो हो गया। शुक्रवार सुबह 11 बजे बांध का हूटर बजा। जलसंसाधन मंत्री सुरेश रावत ने विधिवत पूजा अर्चना की और फिर बांध के 4 गेट खोलने के लिए बटन दबाया।
राजस्थान का सबसे बड़ा पेयजल प्रोजेक्ट बीसलपुर बांध शुक्रवार को ओवरफ्लो हो गया। बांध में त्रिवेणी की लगातार आवक के चलते इसमें जल स्तर पर इसके अधिकतम गेज से ऊफान पर है। इसके बाद जलसंसाधन मंत्री ने बीसलपुर पहुंचकर विधिवत पूजा अर्चना कर बांध के 4 गेट खोलने के लिए बटन दबाया। उन्होंने कहा कि वे बीसलपुर के जल से तीर्थराज पुष्कर की पूजा अर्चना करेंगे।
इस साल 15 जून तक इसमें पानी 309.39 आरएल मीटर था। लेकिन अगस्त में आई जोरदार बारिश के बाद बांध में लगातार पानी की आवक हुई जिसके चलते यह 3015 के स्तर को पार कर गया। बीते 24 घंटों में बांध में करीब 0.50 मीटर पानी की आवक हुई है। गुरुवार सुबह बांध में पानी के स्तर 315 मीटर को क्रॉस कर गया था। इसके बाद शुक्रवार सुबह 6 बजे यह 315.49 पहुंच गया और अब खबर लिखे जाने तक यह 315.50 के स्तर पर पहुंच चुका है।
इस बांध का मुख्य उद्देश्य टोंक जिले में जलापूर्ति के साथ-साथ सिंचाई के लिए भी आरक्षित है। इसके अलावा जयपुर व अजमेर में भी जलापूर्ति के लिए पानी जाता हैं। टोंक जिले में सिंचाई के लिए 8 टीएमसी पानी, पेयजल के लिए 16.2 टीएमसी पानी आरक्षित रखा गया है। इसके अलावा 8.15 टीएमसी वाष्पीकरण व अन्य खर्च माना गया है।
पेयजल में 1000 एमएलडी खपत
टोंक, अजमेर, जयपुर जिलों में पेयजल के लिए रोजाना करीब 950 से 1000 एमएलडी पानी बीसलपुर बांध से जा रहा है। इससे तीनों जिलों के करीब 2000 शहर व गांवों में पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। राजस्थान में पेयजल सप्लाई करने वाले सबसे बड़े बांध बीसलपुर का जल स्तर 315.25 मीटर को क्रॉस कर चुका है,अब त्रिवेणी करीब 4.20 मीटर के ऊफान पर चल रही है। इधर बांध के चारों गेटों से पानी की बंपर निकासी हो रही है। जिसमें खबर लिखे जाने तक बांध के चार गेटों को खोलकर कुल 36060 क्यूसेक पानी की निकासी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
इधर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राज्यवासियों को बीसलपुर बांध के सातवीं बार पूर्णतः जलमग्न होने पर बधाई दी है। इस ऐतिहासिक अवसर पर उन्होंने कहा कि श्री गिरिराज जी महाराज के दिव्य आशीर्वाद से यह महत्वपूर्ण घटना संभव हुई है। उन्होंने कहा कि बीते 26 वर्षों में पहली बार इस वर्ष सितंबर में बांध के द्वार खोले गए हैं। इस खास मौके पर विधिवत पूजा-अर्चना और पारंपरिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जो राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और प्रकृति के प्रति सम्मान को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि बीसलपुर बांध यह जल प्रदेश की कृषि और औद्योगिक विकास को नई गति देगा। इसके अलावा यह जलसंकट से निपटने और पेयजल की समस्या को दूर करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।