{"_id":"64eb31b911fb778d8a00e39e","slug":"in-dausa-dr-meena-said-that-many-ministers-and-officers-involved-in-corruption-will-have-to-go-to-jail-2023-08-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dausa: डॉ. मीणा बोले- ईडी आ गई है; भ्रष्टाचार में डूबे कई मंत्रियों और अधिकारियों को जेल की हवा खानी पड़ेगी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dausa: डॉ. मीणा बोले- ईडी आ गई है; भ्रष्टाचार में डूबे कई मंत्रियों और अधिकारियों को जेल की हवा खानी पड़ेगी
Sun, 27 Aug 2023 04:51 PM IST
अर्पित याज्ञनिक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दौसा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दौसा
Published by: अर्पित याज्ञनिक
Updated Sun, 27 Aug 2023 04:51 PM IST
सार
दौसा पहुंचे सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ईडी आ गई है, भ्रष्टाचार में डूबे कई विधायक, मंत्रियों, अधिकारियों को जेल की हवा खानी पड़ेगी।
विज्ञापन
सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा
- फोटो : Amar Ujala Digital
विस्तार
बीजेपी सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा है कि राजस्थान में कांग्रेस या इसके समर्थन वाला हर विधायक अपने आप को मुख्यमंत्री मानता है। इसके चलते भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। डॉ. मीणा ने आह्वान किया है कि भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस को जड़ से उखाड़ कर फेंकने को जनता तैयार रहे।
विज्ञापन
सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि राजस्थान सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में किसान कर्ज माफी का वादा किया था। राहुल गांधी ने एक से 10 तक गिनती गिनने की बात कहते हुए सरकार बनने पर 10 दिन में कर्जमाफी का वादा किया था, लेकिन वादा खिलाफी कर दी। नेशनलाइज्ड बैंक से लिए गए कर्ज माफ नहीं किए। अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर भी किरोड़ीलाल जमकर बरसे।
विज्ञापन
दौसा जिले के महुआ में उपखंड मुख्यालय के जयपुर रोड स्थित राधा रानी मैरिज गार्डन में भाजपा का कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी तादाद में भाजपा पदाधिकारी मंडल कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे। उपस्थित हजारो लोगों को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने गहलोत सरकार को आडे हाथ लेते हुए राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर जमकर प्रहार किये। उन्होंने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार जनता की कसौटी पर पूरी तरह विफल हो गई है।
विज्ञापन
भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर है-किरोड़ीलाल
डॉ. मीणा ने कहा कि राजस्थान में भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर है। आमजन बुरी तरह आहत है उन्होंने महुआ विधायक पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि महुआ विधानसभा क्षेत्र के आमजन के साथ अधिकारी कर्मचारी भय के साए में जी रहे हैं। सरकारी कार्यालय में खुलेआम आमजन को उनके वाजिब कामों के लिए विधायक की शह पर अधिकारियों,कर्मचारी द्वारा लूटा जा रहा है। उन्होंने जल जीवन मिशन योजना में 20 हजार के घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि लोग बूंद बूंद पानी को तरस रहे हैं। लेकिन जल जीवन मिशन में महुआ विधानसभा क्षेत्र में भी भारी भ्रष्टाचार की शिकायत मिली है। साथ ही उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार में 17 पेपर लीक पेपर माफियाओं ने किए हैं। ऐसे में बेरोजगार युवाओं के साथ राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने छलावा किया है। जयपुर में सचिवालय के पीछे योजना भवन की अलमारी में भ्रष्टाचार का पैसा और सोना मिलने के मामले को दोहराते हुए सांसद ने कहा कि यह खुलेआम भ्रष्टाचार नहीं तो और क्या है?
अब राजस्थान में ईडी आ गई है-किरोड़ीलाल
डॉक्टर मीणा ने कहा राजस्थान में कांग्रेस और उसके समर्थित विधायकों ने अपने आप को मुख्यमंत्री मानते हुए चारों ओर भ्रष्टाचार की लूट मचा रखी है। आम जनता की गाड़ी कमाई का पैसा विधायकों की जेब में जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब राजस्थान में ईडी आ गई है। ऐसे में भ्रष्टाचार में डूबे कई विधायक और मंत्रियों के साथ अधिकारियों को जेल की हवा खानी पड़ेगी। उन्होंने राजस्थान में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए कहा कि देश में राजस्थान एक ऐसा राज्य बन गया है ,जहां अपराध बेलगाम हो गया है। उन्होंने शंभू पुजारी और मोहनपुरा गांव में दलित युवती के साथ रेप की घटना के बाद की गई हत्या का हवाला देते हुए कहा कि राजस्थान में आमजन, व्यापारी, किसान के साथ हमारी बहन, बेटियां सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि जो सरकार और इसके नेता जनता की सुरक्षा नहीं कर सकते, ऐसी भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को अब उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।
मोबाइल और फूड पैकेट देकर रेवड़िया बांट रही सरकार-किरोड़ी लाल
उन्होंने गहलोत सरकार पर आरोप लगाया कि मोबाइल और फूड पैकेट देकर रेवड़िया बांटने वाली सरकार आम जन के साथ धोखा कर रही है। घटिया क्वालिटी के मोबाइल और फूड पैकेट देकर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर लोगों को गुमराह कर रिझाने का प्रयास किया जा रहा है। इसलिए लोग ऐसी भ्रष्ट राजस्थान सरकार के बहकावे में नहीं आएं।
कांग्रेस सरकार अटका रही ईआरसीपी-किरोड़ीलाल
डॉक्टर मीणा ने ईआरसीपी योजना पर बोलते हुए कहा कि राजस्थान कि कांग्रेस सरकार इस मामले को अटका रही है ।उन्होंने कहा कि राजस्थान की सरकार की नीयत साफ है, तो मध्य मध्य प्रदेश सरकार से स्वीकृति ले लेनी चाहिए, मैं आप सबके सामने वादा करता हूं कि ईआरसीपी योजना को लागू करवाने की जिम्मेदारी मैं लेता हूं।
गुर्जर समाज से अपील-चुनाव में वोट से बदला लेने का समय-विधूड़ी
दिल्ली में भाजपा के प्रतिपक्ष के नेता रामवीर विधूड़ी ने कहा कि राजस्थान सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। उन्होंने कांग्रेस सरकार को कटघेरे में खड़ा करते हुए कहा कि राजस्थान सरकार ने अपनी चुनावी घोषणा पत्र में किसान कर्ज माफी का वादा कर वादा खिलाफी की। अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। विधूड़ी ने कहा कि जिस नेता के हस्ताक्षर से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत स्वयं विधायक बने और फिर मुख्यमंत्री को टिकट देने वाले सचिन पायलट को ही नकारा, निकम्मा और गद्दार का दर्जा दे दिया, मैं ऐसे नेता की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। साथ ही गुर्जर समाज से कहना चाहता हूं कि अब बचा ही क्या है? इसलिए अब चुनाव में वोट से बदला लेने का समय है, तैयार रहें।