फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Election 2023: election affidavit of Rajasthan chief minister Ashok Gehlot

Ashok Gehlot: नागपुर में प्लॉट, दिल्ली-जोधपुर और जयपुर में घर; गहलोत ने फ्रिज-TV से लेकर आईफोन तक की कीमत बताई

Mon, 06 Nov 2023 07:57 PM IST
Jaidev Singh जयदेव सिंह
Updated Mon, 06 Nov 2023 07:57 PM IST
विज्ञापन
सार
Ashok Gehlot: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास कुल 11.68 करोड़ रुपये की संपत्ति है। गहलोत ने 2018 में जो चुनावी हलफनामा दायर किया उसमें उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 6.53 करोड़ रुपये से ज्यादा की बताई थी। 
loader
Election 2023: election affidavit of Rajasthan chief minister Ashok Gehlot
अशोक गहलोत - फोटो : amar ujala

विस्तार

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एक बार फिर जोधपुर जिले की सरदारपुरा सीट से चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने अपना चुनावी हलफनामा भी दायर कर दिया है। इस हलफनामे में उन्होंने कुल 11.68 करोड़ रुपये की संपत्ति बताई है। बीते पांच साल में उनकी संपत्ति में पांच करोड़ से ज्यादा का इजाफा हुआ है। 




आइये जानते हैं इस चुनावी हलफनामे में क्या-क्या है? 2018 के मुकाबले इस बार उनकी संपत्ति में क्या बढ़ा और क्या घटा है? पिछली बार के हलफनामे उन्होंने क्या-क्या बताया था?

अशोक गहलोत
अशोक गहलोत - फोटो : अमर उजाला
चुनावी हलफनामे में क्या-क्या है?
गहलोत के हलफनामे के मुताबिक उनके पास कुल 11,68,98,758 रुपये की संपत्ति है। इनमें से 2,81,95,889 रुपये की चल संपत्ति है। वहीं, 8,87,02,869 रुपये की अचल संपत्ति मुख्यमंत्री के पास है। बीते पांच साल में उनकी संपत्ति में 5.15 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

अशोक गहलोत
अशोक गहलोत - फोटो : amar ujala
2018 में साढ़े छह करोड़ से ज्यादा की संपत्ति के मालिक थे गहलोत 
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 2018 में जो चुनावी हलफनामा दायर किया उसमें उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 6.53 करोड़ रुपये से ज्यादा की बताई थी। इस हलफनामे में गहलोत ने अपनी कुल चल संपत्ति 1,44,69,362 रुपये बताई थी। वहीं, अचल संपत्ति 5,09,00,950 रुपये की थी। 

हलफनामे में टीवी, फ्रिज, एसी से लेकर आई-फोन तक का जिक्र
मुख्यमंत्री गहलोत ने अपने चुनावी हलफनामे में टीवी, फ्रिज, एसी से लेकर आईफोन तक का जिक्र किया है।  2018 चुनावी हलफनामे में भी इनमें से अधिकांश चीजों का जिक्र किया गया था। इस बार के हलफनामे में गहलोत ने बताया है कि उनके पास दो रेफ्रिजरेटर हैं, जिनकी कुल कीमत 20 हजार रुपये है। 2018 में उनके हलफनामे में दो रेफ्रिजरेटर का जिक्र था। तब भी इनकी कुल कीमत 20 हजार रुपये बताई गई थी। 

गहलोत के पास दो एसी भी हैं। इनकी कुल कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है। 2018 के चुनावी हलफनामे में उन्होंंने चार एसी का जिक्र किया था। तब इनकी कुल कीमत 80 हजार रुपये बताई गई थी।  गहलोत के पास दो कलर टीवी भी हैं। इनकी कुल कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है। 2018 में मुख्यमंत्री गहलोत के पास 20 हजार रुपये की एक कलर टीवी थी। गहलोत के पास पांच हजार रुपये का एक म्यूजिक सिस्टम भी है। 2018 में म्यूजिक सिस्टम की कीमत साढ़े पांच हजार रुपये बताई गई थी। 

गहलोत ने अपने हलफनामे में बताया है कि उनके पास किताब रखने के लिए स्टील की पांच आलमारिया हैं। इनकी कुल कीमत 25 हजार रुपये है। 2018 में ऐसे सात आलमारियां उनके पास थीं। तब इनकी कुल कीमत 40 हजार रुपये बताई गई थी।  फाइल रखने वाली तीन अन्य आलमारियां भी गहलोत के पास हैं। इनकी कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है। 2018 में ऐसी दो आलमारियां थीं, तब इनकी कीमत 15 हजार रुपये बताई गई थी। 
 
पांच साल पहले दिए हलफनामे में गहलोत के पास एक हजार रुपये का ट्रांजिस्टर भी था। इस बार इसका जिक्र नहीं है। 2018 में  गहलोत ने अपने पास दो लैपटॉप होने का भी जिक्र हलफनामे में किया था। ये लैपटॉप उन्हें विधायक कोटा में 2003 और 2008 में मिले थे। इस बार उन्होंने एक आईफोन का जिक्र किया है। जो उन्हें विधानसभा से मिला है। इस बार के घरेलू सामानों की कुल कीमत 1.5 लाख रुपये बताई गई है। 2018 में इन घरेलू सामानों की कुल कीमत एक लाख 81 हजार 500 रुपये बताई गई थी। 

2018 में गहलोत के पास थे 12 लाख के जेवर 
मुख्यमंत्री ने अपने चुनावी हलफनामे में 15 लाख 20 हजार रुपये के जेवर होने की बात बताई है। इनमें से 14 लाख 90 हजार के जेवर उनकी पत्नी के नाम पर हैं। वहीं, 30 हजार के जेवर उनके नाम पर हैं। पांच साल पहले दिए हलफनामे के मुताबिक गहलोत के पास कुल 12 लाख तीन हजार 500 रुपये के गहने थे। इनमें आधा तोला सोना गहलोत के नाम पर था, जिसकी कीमत 18 हजार 500 रुपये बताई गई थी। वहीं, उनकी पत्नी के पास 15 ग्राम की कान की बाली थी, जिसकी कीमत 45 हजार रुपये थी। 11 लाख रुपये के 23.75 तोला सोने के गहने थे। वहीं, 900 ग्राम चांदी के गहने थे, जिनकी कीमत 40 हजार रुपये बताई गई थी। 

2018 के हलफनामे में पांच करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति में क्या-क्या था?
अशोक गहलोत के कुल 8.87 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति इस बार के चुनावी हलफनामे में बताई है। इसमें सात करोड़ से ज्यादा की खेती की जमीन का जिक्र किया गया है। खेती की ये जमीनें जोधपुर में दो जगहों पर स्थिति हैं। इसके साथ ही दो प्लॉट का जिक्र भी चुनावी हलफनामे में है। इनमें से एक प्लॉट नागपुर में और दूसरा जोधपुर में है। नागपुर के प्लॉट की कीमत 15 लाख रुपये और जोधपुर के प्लॉट की कीमत 23.55 लाख रुपये बताई गई है। 

2018 के हलफनामे में अशोक गहलोत ने जोधपुर में दो जगह पर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की खेती की जमीन बताई थी। गहलोत ने 2018 में दो प्लॉट का जिक्र भी अपने हलफनामे में किया था। इनमें से एक प्लॉट नागपुर में और दूसरा जोधपुर में था। नागपुर के प्लॉट की कीमत 12 लाख रुपये और जोधपुर के प्लॉट की कीमत 19 लाख रुपये बताई गई थी।

2018 की तरह ही इस बार भी गहलोत ने अपने पास चार रिहायसी घर होने का जिक्र किया है। इनमें से तीन गहलोत के नाम पर और एक उनकी पत्नी के नाम पर है। गहलोत ने नाम पर एक घर दिल्ली में, दो घर जोधपुर में थे। वहीं, उनकी पत्नी के नाम का घर जयपुर में है। इन सभी की कुल कीमत एक करोड़ 47 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। 2018 में इनकी कुल कीमत एक करोड़ 28 लाख  50 हजार रुपये थी। 

साल दर साल कैसे बढ़ी गहलोत की संपत्ति?
2008 के चुनावी हलफनामे में अशोक गहलोत ने अपनी कुल संपत्ति एक करोड़ सात लाख 50 हजार 647 रुपये बताई थी। 2008 से 2013 तक गहलोत राज्य के मुख्यमंत्री रहे। पांच साल बाद हुए चुनाव में उनकी संपत्ति में महज 62 लाख रुपये का इजाफा हुआ। 2013 के चुनावी हलफनामे में गहलोत की कुल संपत्ति 1,69,89,572 रुपये हो गई। 2013 का चुनाव कांग्रेस हार गई। अगले पांच साल में उनकी संपत्ति में तीन गुने से ज्यादा का इजाफा हुआ। 2018 में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 6,53,70,312 रुपये बताई थी। 2023 में यह बढ़कर 11,68,98,758 हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed