Tonk: ई-मित्र प्लस ऑपरेटर्स ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन, जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
टोंक में ई-मित्र प्लस ऑपरेटर्स ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। ऑपरेटर्स पंचायत मुख्यालय पर कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में स्थाई नियुक्ति और उचित मानदेय की मांग कर रहे हैं। अपनी मांगों को लेकर उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया।
भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्रों पर कार्यरत ई-मित्र प्लस ऑपरेटर्स ने ग्राम पंचायत मुख्यालय पर कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में स्थाई नियुक्ति की मांग करते हुए उचित मानदेय की मांग को लेकर अपना रोष प्रकट किया। ई मित्र ऑपरेटर्स ने बताया कि सरकार की 400 से ज्यादा योजनाओं को भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र के जरिए आम लोगों तक पहुंचाते हैं।
ये हैं मांगें
प्रदर्शनकारी ऑपरेटर्स का कहना है कि बजट 2021 में प्रस्तावित ग्राम पंचायत कार्यालय पर मनरेगा भर्ती में ग्राम पंचायत ई-मित्र संचालकों को ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाले कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में ई मित्र संचालकों को स्थाई नियुक्ति दी जाए। इसके साथ ही ग्राम पंचायत ई- मित्र संचालकों का मानदेय तय किया जाए और ई- मित्र संचालकों का मानदेय न्यूनतम मजदूरी के तहत तय किया जाए।