{"_id":"64c65473a7de300fbf088a55","slug":"dholpur-news-innocent-brother-and-sister-died-due-to-snake-bite-2023-07-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dholpur News: सांप के काटने से मासूम भाई-बहन की मौत, परिजन 10 घंटे तक नीम-हकीम से झाड़-फूंक कराते रहे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dholpur News: सांप के काटने से मासूम भाई-बहन की मौत, परिजन 10 घंटे तक नीम-हकीम से झाड़-फूंक कराते रहे
Sun, 30 Jul 2023 05:45 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धौलपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धौलपुर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Sun, 30 Jul 2023 05:45 PM IST
सार
Dholpur News: राजस्थान के धौलपुर जिले में काले सांप के डसने से मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। परिजन 10 घंटे तक नीम-हकीमों से झाड़-फूंक कराते रहे, लेकिन मासूम बच्चों के प्राण नहीं लौटे।
विज्ञापन
मृतक बच्चों के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
धौलपुर में कौलारी थाना इलाके के गांव खरगपुर में शनिवार शाम को कमरे में खेलते समय मासूम भाई-बहन को काले सांप ने काट लिया। बच्चों के चीखने की आवाज पर देखा, तो काला सर्प मौजूद पाया गया। परिजनों ने सांप को मौके पर ही मार दिया। भाई-बहन की तबियत बिगड़ने पर परिजन झाड़-फूंक का उपचार कराने खेरागढ़ ले गए। 10 घंटे तक नीम- हाकिमों ने उपचार किया। लेकिन बच्चों का शरीर नीला पड़ गया और मुंह से झाग निकलने लगे। आनन-फानन में परिजन बसई नबाब सरकारी अस्पताल में बच्चों को ले गए, जहां दोनों बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, कौलारी थाना इलाके के गांव खरगपुर में गजन सिंह का बेटा यादव (तीन) और गजन सिंह की बहन गुड्डी की बेटी कोपिचा (चार) शनिवार शाम को घर के एक कमरे में खेल रहे थे। शाम करीब आठ बजे एक काले सर्प ने दोनों बच्चों को डंस लिया। सर्प के डंसने के बाद दोनों बच्चे चीखने लगे। कुछ समय पश्चात दोनों बच्चों के मुंह से झाग निकलने लग गए। कमरे में परिजनों ने देखा तो कमरे के कोने में काला सर्प दिखाई दिया, जिसे देखते ही परिजनों की रूह कांप गई।
विज्ञापन
परिजनों ने शोर मचा दिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने लाठियों से सर्प को मार दिया। लेकिन दोनों बच्चो का शरीर नीला पड़ने के साथ मुंह से झाग निकलने लगे। घटना से परिजनों के होश उड़ गए। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन घटना के बाद दोनों बच्चों को झाड़ फूंक का उपचार कराने नजदीक आगरा जिले के खेरागढ़ कस्बे में ले गए। जहां नीम-हकीमों ने नीम की पत्तियों और टहनियों में दोनों बच्चों को रखकर उपचार किया। 10 घंटे तक नीम-हकीम बच्चों पर नाना प्रकार के प्रयोग करते रहे।
विज्ञापन
रविवार सुबह पांच बजे जब बच्चों की हालत ज्यादा बिगड़ गई, तब परिजन बसई नबाब सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने दोनों बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया। बच्चों की मौत हो जाने से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बिना कानूनी कार्रवाई के बच्चों के शव को घर ले गए।
परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना की खबर लगते ही कौलारी थाना पुलिस गांव खरगपुर पहुंच गई। कार्यवाहक थाना प्रभारी सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया गांव खरगपुर में दो बच्चों की सर्पदंश से मौत हुई है। परिजनों ने नीम- हकीमों से उपचार कराया था। उन्होंने बताया पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। नीम- हकीमों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।