{"_id":"6451feebb7a234688a0dae2a","slug":"dausa-news-videos-of-aap-party-running-in-gehlot-government-dearness-relief-camp-2023-05-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dausa News: गहलोत सरकार के महंगाई राहत शिविर में चले आप पार्टी के वीडियो, 'मोदी हटाओ देश बचाओ' भाषण दिखाया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dausa News: गहलोत सरकार के महंगाई राहत शिविर में चले आप पार्टी के वीडियो, 'मोदी हटाओ देश बचाओ' भाषण दिखाया
Wed, 03 May 2023 11:58 AM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दौसा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दौसा
Published by: अरविंद कुमार
Updated Wed, 03 May 2023 11:58 AM IST
सार
दौसा जिले में महंगाई राहत शिविर में लगे टीवी डिस्प्ले स्क्रीन पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का 'मोदी हटाओ देश बचाओ' का वीडियो दिखाया गया। आम आदमी पार्टी की रैली और नेताओं के भाषण कांग्रेस सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के कैंप में जनता को दिखाया जाना बड़े सवाल खड़े करता है।
विज्ञापन
महंगाई राहत शिविर में चले आप पार्टी के वीडियो
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
चुनावी साल में गहलोत सरकार के महंगाई राहत शिविरों में मोदी हटाओ देश बचाओ का प्रचार दिखाया जा रहा है। लेकिन ये प्रचार और भाषण कांग्रेसी नेताओं या सीएम गहलोत का नहीं, आम आदमी पार्टी की रैली और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का हो रहा है। महंगाई राहत कैंपों में मंगलवार को मोदी विरोधी वीडियो का प्रसारण किया गया। दौसा के पंचायत समिति में महंगाई राहत कैंपों में प्रधानमंत्री के खिलाफ वीडियो जनता को दिखाया गया।
विज्ञापन
अब सवाल यह भी खड़े हो रहे हैं कि यह महंगाई राहत कैंप है या फिर केंद्र की मोदी सरकार के विरोध में प्रचार का कैंप है। राजस्थान सरकार का पैसा प्रधानमंत्री के विरोध में खर्च हो रहा है, तो निश्चित रूप से यह बड़े सवाल खड़े करता है। चुनावी साल में चुनाव जीतने के लिए कैसे-कैसे हथकंडे अपनाने पड़ते हैं, इसका एक नजारा दौसा के महंगाई राहत कैंप में देखने को मिला। राजस्थान में महंगाई राहत कैंपों में सीएम अशोक गहलोत का गुणगान तो किया जा रहा है, साथ ही मोदी हटाओ देश बचाओ के वीडियो भी प्रसारित किए जा रहे हैं। अब मोदी के खिलाफ प्रचार चाहे कांग्रेस पार्टी का हो या आम आदमी पार्टी का, इससे शायद राजस्थान सरकार और ब्यूरोक्रेसी को फर्क नहीं पड़ता।
विज्ञापन
सरकारी कार्यालय परिसर में लगा कैंप...
दौसा के महंगाई राहत कैंप में लगी टीवी स्क्रीन पर जो वीडियो दिखा, उससे तो यही लगता है। राजस्थान के दौसा जिला मुख्यालय की पंचायत समिति में यह महंगाई राहत कैंप आयोजित किया जा रहा है। सरकारी कार्यालय परिसर में यह कैंप लगा है, जिसमें लोग राजस्थान सरकार की योजनाओं का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए उमड़ भी रहे हैं। इस कैंप में लगी एलईडी टीवी राजस्थान सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के लिए लगाई गई है, लेकिन इस पर राजस्थान सरकार की योजनाए तो दिखाई दे नहीं रही, बल्कि मोदी हटाओ देश बचाओ के वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
यह वीडियो आम आदमी पार्टी की रैली का है, जिसमें दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल और आप नेता मौजूद हैं। वीडियो में आम आदमी पार्टी के नेता मोदी विरोधी भाषण दे रहे हैं। साथ ही रैली मे मौजूद लोगों के हाथ में मोदी हटाओ देश बचाओ की तख्तियां हैं। साथ ही मंच पर भी मोदी हटाओ देश बचाओ लिखा हुआ है।
पंचायत समिति दौसा के कैंप प्रभारी से जवाब देते नहीं बना...
पंचायत समिति दौसा के कैंप प्रभारी मुरारीलाल मीणा से जब मीडिया ने बात की तो पहले वह गहलोत सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए नजर आए, लेकिन जैसे ही स्क्रीन पर मोदी हटाओ देश बचाओ का वीडियो प्रसारित किए जाने का सवाल पूछा तो वे सकपका गए और हक्के-बक्के रह गए। कुछ देर तक तो शिविर प्रभारी से जवाब तक नहीं बना। हर सवाल पर वे चुप्पी साधते हुए नजर आए। मामला उजागर होने के बाद अब प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और इस वीडियो प्रसारण की जांच की बात कही जा रही है।