{"_id":"63ee3c0d271fdc899006e609","slug":"crime-two-people-of-bharatpur-were-burnt-alive-in-haryana-bajrang-dal-accused-of-kidnapping-and-murder-2023-02-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Crime: भरतपुर के दो लोगों को हरियाणा में जिंदा जलाया, बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर किडनैपिंग और हत्या का आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Crime: भरतपुर के दो लोगों को हरियाणा में जिंदा जलाया, बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर किडनैपिंग और हत्या का आरोप
Thu, 16 Feb 2023 07:58 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भरतपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भरतपुर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Thu, 16 Feb 2023 07:58 PM IST
सार
राजस्थान में भरतपुर जिले के दो लोगों (ड्राइवरों) का अपहरण कर हरियाणा के भिवानी जिले में बोलेरो गाड़ी समेत जिंदा जला देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कथित मृतकों के परिजनों ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाए हैं। मृतकों को गौस्तकरी से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
विज्ञापन
नासिर और जुनैद
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हरियाणा के भिवानी में बारवास गांव की बणी में गुरुवार सुबह लोगों ने एक जली हुई बोलेरो गाड़ी और उसमें दो युवकों के जले हुए कंकाल देखे, तो उनके रोंगटे खड़े हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासन और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और मामले की हर पहलू से जांच में जुट गई।
विज्ञापन
वहीं, मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि राजस्थान में भरतपुर के गोपालगढ़ से इन दोनों का अपहरण हुआ था। परिजनों ने गोपालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि 15 फरवरी को उन्होंने अपहरण का मामला भी दर्ज कराया था। परिजनों का आरोप है कि किडनैपर्स ने पहले दोनों की पिटाई की, फिर अपहरण कर गाड़ी को साथ ले गए और हरियाणा में ले जाकर जला दिया।
विज्ञापन
गाड़ी के चेसिस नंबर के आधार पर गाड़ी मालिक का पता लगाया जा रहा...
हरियाणा के लोहारू डीएसपी जगत सिंह मोर ने बताया कि गांव वालों ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि गांव बारवास में एक जली हुई गाड़ी खड़ी हुई है। मौके पर पुलिस पहुंची तो देखा कि गाड़ी के अंदर दो लोगों के कंकाल हैं। डीएसपी ने बताया कि गाड़ी के चेसिस नंबर लिए गए हैं, जिसके आधार पर गाड़ी के मालिक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
विज्ञापन
नासिर और जुनैद के परिजन बोले- किडनैप कर जिंदा जलाया...
जानकारी के मुताबिक, जिन लोगों की गाड़ी में जलने से मौत होना बताया जा रहा है वो नासिर और जुनैद हैं। जो एक ही परिवार से रिश्तेदारी में थे, जिस बोलेरो में दोनों युवक जिन्दा जले मिले हैं, वह नासिर के ही किसी रिश्तेदार की बताई जा रही है। गाड़ी समेत दोनों इतनी बुरी तरह जल गए कि उनकी सिर्फ हडि्डयां ही बची थीं। हालांकि हरियाणा या राजस्थान पुलिस ने अभी तफ्तीश में जुटी है, मृतकों और गाड़ी जलने की घटना या वारदात कैसे हुई इस पर ज्यादा जानकारी नहीं दी जा रही है।
भरतपुर के गोपालगढ़ थाने में दी मारपीट-किडनैपिंग की शिकायत...
जानकारी के मुताबिक, यह दोनों युवक भरतपुर के पहाड़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले जुनैद और नासिर हैं। जुनैद के चचेरे भाई इस्माइल ने इस बारे में बुधवार को गोपालगढ़ थाना, भरतपुर में ही दोनों की गुमशुदगी और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब पांच बजे चचेरा भाई जुनैद और नासिर अपनी बोलेरो कार एचआर 28 ई 7763 में अपने काम से बाहर गए। इसके बाद से दोनों वापस नहीं लौटे। इस्माइल को सुबह करीब नौ बजे चाय की दुकान पर किसी अजनबी ने बताया कि बुधवार सुबह छह बजे दो युवक एक बोलेरो में गोपालगढ़ थाना इलाके के पीरूका गांव के जंगल से जा रहे थे, जिन्हें 8-10 लोगों ने बुरी तरह मारा और घायल हालत में उन्हीं की बोलेरो में पटककर ले गए।
फोन करने पर दोनों के मोबाइल स्विच ऑफ मिले...
इस्माइल ने बताया कि घटना का पता चलते ही उसने जुनैद और नासिर को मोबाइल से कॉल लगाया। लेकिन दोनों के मोबाइल बंद आ रहे थे। तब गांव घाटमीका में परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजन इस्माइल के पास पहुंचे। परिजनों के साथ इस्माइल पीरूका गांव के जंगल में बताई गई जगह पर गया, तो वहां टूटे हुए शीशे के टुकड़े मिले।
बजरंग दल के हरियाणा के मानेसर निवासी सहित इन पर आरोप...
इस्माइल ने शिकायत में यह भी बताया कि पीरूका गांव में पूछताछ की गई, तो पता चला कि 8-10 लोगों ने दोनों से मारपीट की थी। फिर उन्हीं की बोलेरो में किडनैप कर ले गए। इस्माइल ने अपनी शिकायत में बजरंग दल से जुड़े अनिल, श्रीकांत, रिंकू सैनी, लोकेश सिंगला निवासी मानेसर पर आरोप लगाए हैं।
जुनैद और नासिर दोनों शादीशुदा थे...
जुनैद और नासिर दोनों घाटमीका गांव के रहने वाले थे। दोनों शादीशुदा थे। जुनैद के छह बच्चे बताए जाते हैं, जबकि नासिर के बच्चे नहीं थे। दोनों ही ड्राइवरी का काम करते थे। बोलेरो गाड़ी नासिर के रिश्तेदार की बताई गई।
गाड़ी के चेसिस नंबर से पहचान के प्रयास...
लोहारू डीएसपी जगत सिंह मोर ने बताया कि ग्रामीणों के माध्यम से डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव बारवास में एक जली हुई गाड़ी खड़ी हुई है। मौके पर पुलिस पहुंची तो पाया गया की गाड़ी के अंदर दो लोगों के कंकाल हैं। डीएसपी ने बताया कि गाड़ी के चेसिस नम्बर लिए गए हैं। इनके आधार पर गाड़ी के मालिक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।