{"_id":"6a636f92430c35f0c50ef735","slug":"bundi-farmar-mang-congress-protest-bundi-news-c-1-1-noi1554-4537000-2026-07-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan: किसानों के मुद्दे पर बवाल! बैरिकेड तोड़ने का प्रयास; पुलिस-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan: किसानों के मुद्दे पर बवाल! बैरिकेड तोड़ने का प्रयास; पुलिस-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की
Fri, 24 Jul 2026 07:47 PM IST
बूँदी ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बूंदी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बूंदी
Published by: बूँदी ब्यूरो
Updated Fri, 24 Jul 2026 07:47 PM IST
सार
Rajasthan News: बूंदी में किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया, जिसके बाद धक्का-मुक्की और नारेबाजी हुई।
विज्ञापन
बूंदी में आमने-सामने आए कांग्रेस कार्यकर्ता और पुलिस कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को बूंदी जिला मुख्यालय पर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और पार्टी कार्यकर्ता पुरानी कृषि उपज मंडी से रैली के रूप में जिला कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुए। हालांकि, प्रशासन ने पहले से ही कलेक्ट्रेट के समीप तीन बत्ती तिराहे पर मजबूत बैरिकेडिंग कर रखी थी। जैसे ही प्रदर्शनकारी आगे बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
विज्ञापन
कलेक्टर को बुलाने की मांग, सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्टर को मौके पर बुलाकर ज्ञापन लेने की मांग की और बैरिकेडिंग के सामने ही नारेबाजी शुरू कर दी। करीब 20 मिनट तक प्रदर्शनकारी कोटा रोड पर बैठ गए, जिससे सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए और किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
विज्ञापन
एडीएम ने लिया ज्ञापन, तब शांत हुआ प्रदर्शन
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उनकी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्राप्त किया। ज्ञापन सौंपे जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक वहां से रवाना हो गए। इसके बाद यातायात भी सामान्य हो गया।
विज्ञापन
सभा में सरकार की कृषि नीतियों पर साधा निशाना
इससे पहले पुरानी कृषि उपज मंडी यार्ड में किसानों की सभा आयोजित की गई, जिसमें कांग्रेस नेताओं ने सरकार की कृषि नीतियों और किसानों से जुड़े मुद्दों पर निशाना साधा। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने कहा कि राजस्थान का किसान आज अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो रहे हैं, बिजली आपूर्ति बाधित रहती है और सिंचाई के लिए नहरों का पानी भी समय पर नहीं मिल रहा है।
'वादे पूरे नहीं हुए तो आंदोलन होगा उग्र'
गुंजल ने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव के दौरान किसानों से कई वादे किए थे, लेकिन आज तक उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि किसान लगातार परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि शुक्रवार का प्रदर्शन केवल सांकेतिक था। यदि जल्द किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस प्रदेशभर में और उग्र आंदोलन करेगी तथा सरकार को किसानों की ताकत का अहसास कराया जाएगा।
प्रशासन ने किए थे कड़े सुरक्षा इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। तीन बत्ती चौराहे से लेकर कलेक्ट्रेट तक पुलिस बल की भारी तैनाती रही। वाटर कैनन, वज्र वाहन, राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी की टुकड़ी तथा कोटा पुलिस के अतिरिक्त जवान भी मौके पर मौजूद रहे। जिले के पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा स्वयं पूरे सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी करते रहे, जबकि कोटा रेंज के आईजी हरेंद्र कुमार महावर ने भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी।
बैरिकेड हटाने की कोशिश, पुलिस ने संभाली स्थिति
कलेक्ट्रेट के पास लगाए गए मजबूत बैरिकेड्स के कारण प्रदर्शनकारी आगे नहीं बढ़ सके। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाने का प्रयास किया, जिसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। हालांकि, पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रण में रखा और किसी प्रकार की बड़ी अप्रिय घटना नहीं होने दी।
यह भी पढ़ें: 'भ्रष्टाचार पर सरकार का इनाम!' शिक्षा सचिव के तबादले पर CJP का हमला, दीपके बोले- संघर्ष जारी रहेगा
कांग्रेस ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खाद, बीज, बिजली और सिंचाई जैसी मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रशासन की ओर से ज्ञापन स्वीकार किए जाने के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया, लेकिन कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि किसानों के मुद्दों पर उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।