जब 60 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ गया भारी भरकम सांड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजस्थान के रतनगढ़ में सोमवार को एक अजीब वाक्या सामने आया जहां एक भारी भरकम सांड 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। सांड को टंकी की छत पर देख लोगों के होश उड़ गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी लेकिन वह इसे अफवाह मानकर टालती रही।
बाद में सच्चाई का पता चलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आठ घंटे की मशक्कत के बाद जैसे तैसे सांड को उतारा गया। वहीं टंकी पर सांड के चढ़ने की यह अजब तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुईं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार यह वाक्या सामने आया चुरू जिले के रतनगढ़ कस्बे में। यहां रतनगढ़ थाने में सुबह 11 बजे पुलिस के पास इस संबंध में फोन आने शुरू हुए। शुरूआत में पुलिस इसे अफवाह मानकर मामले को टालती रही। लेकिन जब कई बार इस तरह की खबर फोन पर दी गई तो पुलिस मामले की सच्चाई जानने मौके पर पहुंच गई।
आठ घंटे की मशक्कत के बाद नीचे उतारा गया
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह यह देखकर स्तब्ध रह गए कि एक सांड 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ा हुआ है। इसके बाद उसे नीचे उतारने के लिए आठ घंटे लंबा सांसे रोक देने वाला अभियान शुरू हुआ जो आठ घंटे तक चला।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरूआत में हमने सोचा था कि एक बड़ी क्रेन की सहायता से उसे निकाला जा सकता है लेकिन यह आइडिया काम नहीं आया। वहीं इसकी सूचना आर्मी के अधिकारियों को भी दी गई लेकिन उन्होंने यह कहकर मदद करने से इंकार कर दिया कि वे शाम के समय अभियान शुरू नहीं कर सकते।
इसके बाद अधिकारियों ने सूचना स्टेट डिसास्टर रिलीफ फोर्स के अधिकारियों को दी। अधिकारी ने बताया टीम ने सांड को रस्सियों और बेल्ट के सहारे बांधकर जैसे तैसे नीचे उतारा। सांड के नीचे उतरने के बाद ही लोगों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली। हालांकि यह नहीं पता चल सका कि वह ऊपर कैसे चढ़ा। लोगों ने सुबह के समय उसे ऊपर चढ़े हुए ही देखा था।