{"_id":"61e630d4f3dfec72c73c90a3","slug":"brutal-murder-in-rajasthan-two-drunken-youths-asked-for-a-girl-on-refusal-the-old-woman-was-trampled-by-the-car","type":"story","status":"publish","title_hn":"राजस्थान में नृशंस हत्या: दो अय्याश युवकों ने मांगी लड़की, इनकार करने पर वृद्धा को कार से रौंद डाला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राजस्थान में नृशंस हत्या: दो अय्याश युवकों ने मांगी लड़की, इनकार करने पर वृद्धा को कार से रौंद डाला
Tue, 18 Jan 2022 08:45 AM IST
सुरेंद्र जोशी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: सुरेंद्र जोशी
Updated Tue, 18 Jan 2022 08:45 AM IST
सार
Brutal Murder in Rajasthan: सांचौर पुलिस के अनुसार यह जघन्य वारदात राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित कारोला में शनिवार रात हुई। जब वृद्धा ने घर में लड़की नहीं होने की बात कही तो दरिंदों ने गुस्से में आकर वृद्धा को बाहर निकाला और उसे अपनी कार से कुचलकर मार डाला।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : पीटीआई
विस्तार
राजस्थान के जालौर जिले के सांचौर से दिल दहलाने वाली खबर आई है। नशे में धुत दो युवकों ने एक अजा महिला के घर में जाकर अय्याशी के लिए 'लड़की' की मांग की। जब बुजुर्ग महिला ने लड़की होने से इनकार किया तो उसे अपनी कार से रौंद डाला, जिससे उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
सांचौर पुलिस के अनुसार यह जघन्य वारदात राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित कारोला में शनिवार रात हुई। राजमार्ग किनारे स्थित इस बस्ती की एक झोपड़ी में नशे में धुत युवक घुस गए। वहां मौजूद वृद्धा से उन्होंने लड़की उपलब्ध कराने की मांग की। जब वृद्धा ने घर में लड़की नहीं होने की बात कही तो दरिंदों ने गुस्से में आकर वृद्धा को बाहर निकाला और उसे अपनी कार से कुचलकर मार डाला।
विज्ञापन
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों की बेहूदा मांग से वृद्धा ने उन्हें डांट दिया था। इसके बाद युवकों से उसकी बहस हुई। इसी दौरान युवकों ने अपनी कार रिवर्स लेकर उस पर चढ़ा दी और उसके कुचलने के बाद मौके से भाग निकले। शोर मचने पर आसपास के लोग एकत्रित हुए और वे वृद्धा को गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
विज्ञापन
हड़बड़ी में अय्याश मौके से भाग निकले, लेकिन उनके मोबाइल वहीं छूट गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मौके पर मिले आरोपियों के मोबाइल के आधार पर उनकी खोजबीन की गई। पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपियों को छह घंटे में ही पकड़ लिया। आरोपी समीप के चितलवाना इलाके के रहने वाले हैं। वृद्धा के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मृतका के पोते की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।