{"_id":"65c73e0d53a5f81d8a0b3a7e","slug":"shameful-instead-of-helping-people-kept-making-videos-air-force-soldier-died-in-agony-on-the-road-2024-02-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"शर्मनाक : मदद करने की बजाय वीडियो बनाते रहे लोग, सड़क पर तड़पते हुए मर गया एयरफोर्स का जवान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शर्मनाक : मदद करने की बजाय वीडियो बनाते रहे लोग, सड़क पर तड़पते हुए मर गया एयरफोर्स का जवान
Sat, 10 Feb 2024 02:42 PM IST
प्रिया वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बीकानेर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बीकानेर
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Sat, 10 Feb 2024 02:42 PM IST
सार
Bikaner: सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी एक युवक सड़क पर तड़पता रहा लेकिन आसपास मौजूद लोग युवक की मदद करने के बजाय वीडियो बनाते रहे। आखिरकार युवक ने तड़प-तड़पकर सड़क पर ही दम तोड़ दिया।
राजस्थान
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
संवेदनहीनता का यह मामला नया शहर थाना क्षेत्र का है। दरअसल नया शहर थाना क्षेत्र में गजनेर रोड पर चुंगी चौकी के पास एक बाइक आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी, जिसमें युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान एयरफोर्स के जवान सुनील विश्नोई के रूप में हुई है।
नाल एयरफोर्स स्टेशन में तैनात सुनील शुक्रवार शाम बीकानेर से एयरफोर्स स्टेशन की तरफ जा रहा था तभी आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगा देने से बाइक ट्रक में जा घुसी। इस जोरदार टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। संवेदनहीनता की हद तो तब हो गई, जब वहां मौजूद लोग उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय घटना का वीडियो बनाने में लगे रहे।
लगभग 30-40 मिनट तक घायल सड़क पर तड़पता रहा और आखिर उसकी वहीं पर मौत हो गई। खारी गांव से बीकानेर लौट रहे भाजपा जिला प्रवक्ता एडवोकेट अशोक प्रजापत, त्रिलोकचंद गेधर, श्रवण कुमार बोबरवाल आदि को घटना का पता चला तो उन्होंने घायल को तुरंत ट्रोमा सेंटर पहुंचाया लेकिन वहां डॉक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद आज सुबह सुनील का उसके पैतृक गांव नागौर के झारोडा खुर्द भिजवाया गया। जहां सैन्य सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।