Rajasthan Election 2023: ईवीएम मशीनों का पैदल नहीं वाहन से होगा परिवहन, एडीएम ने दिये दिशा निर्देश
Dausa: विधानसभा चुनाव 2023 को देखते हुए विधानसभा स्तरीय दक्ष प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण पंडित नवलकिशोर शर्मा पीजी कॉलेज में आयोजित किया गया। इस मौके पर 60 विधानसभा सहयोगी दक्ष प्रशिक्षक (एएलएमटी) और 34 ईवीएम सहयोगियों ने भाग लिया।
विस्तार
विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। इसी कड़ी में प्रशिक्षण प्रभारी और लालसोट एडीएम भावना शर्मा ने दिशा निर्देश देते हुए कहा है कि विधानसभा चुनाव में ईवीएम संबंधित संपूर्ण प्रोटोकॉल का पालन करें। ईवीएम का परिवहन पैदल नहीं करें और केवल निर्धारित वाहनों में ही करें। उन्होंने मतदान दलों को आगाह किया है कि पोलिंग पार्टी सीधे पोलिंग स्टेशन पहुंचे। रास्ते में चाय आदि के लिए नहीं रूकें।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यदि ऐसा होता है तो इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। इसी का प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षण सहायक प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि सभी प्रशिक्षणार्थियों को चुनाव प्रक्रिया, वोटिंग मैथड्स, ईवीएम संचालन और प्रोटोकॉल संबंधित जानकारी विस्तार से दी गई।
भयमुक्त वातावरण से हो मतदान
इसके अलावा प्रशिक्षण के दौरान होम वोटिंग और मतदान अधिकारियों के कर्तव्य के बारे में भी विस्तार से बताया गया और भयमुक्त वातावरण में मतदान के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर दक्ष प्रशिक्षक पवन कटारा, राजेश शर्मा, पियूष शर्मा, अनिल शर्मा को प्रशिक्षित किया गया।