मोहाली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई के सम्मान में सोमवार को शहर में विजयी तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें सभी वर्गों के लोगों ने भारतीय सेना के शौर्य को सराहा। यात्रा सेक्टर-78 स्थित रतन कॉलेज से शुरू हुई इस यात्रा में विभिन्न धर्मों, जातियों और सामाजिक वर्गों (पंच-सरपंच, नंबरदार, पार्षद, सामाजिक संगठन, कश्मीरी छात्र व शहरवासी) के प्रतिनिधियों के साथ-साथ राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी भाग लिया।
इस मौके पर भाजपा नेता सुंदर लाल अग्रवाल ने कहा कि यह यात्रा महज एक रैली नहीं है, बल्कि शहीदों को श्रद्धांजलि और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट आवाज है। शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज परविंदर सिंह सोहाना ने कहा कि आतंकवादी हमले के जवाब में उठाया गया कदम हर देशवासी के लिए गर्व की बात है। इस मौके पर पार्षद हरजिंदर कौर बैदवान, पूर्व पार्षद अशोक झा, मुस्लिम नेता अनवर हुसैन, भाजपा मीडिया प्रभारी हरदेव सिंह उभा, शलिंद्र आनंद ने लोगों को संबोधित किया।