{"_id":"61d2a139c9894f244209a949","slug":"anti-corona-vaccination-started-in-mohali","type":"story","status":"publish","title_hn":"मोहाली में किशोरों का टीकाकरण शुरू: पहले दिन 354 ने लगवाया टीका, 17 साल की मेहर कपूर को लगा पहला इंजेक्शन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मोहाली में किशोरों का टीकाकरण शुरू: पहले दिन 354 ने लगवाया टीका, 17 साल की मेहर कपूर को लगा पहला इंजेक्शन
Mon, 03 Jan 2022 12:40 PM IST
निवेदिता वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मोहाली (पंजाब)
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मोहाली (पंजाब)
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Mon, 03 Jan 2022 12:40 PM IST
सार
मोहाली में किशोरों के टीकाकरण के लिए प्रशासन की ओर से पूरी तैयारियां की गई हैं। प्रशासन की ओर से 15 से 18 साल तक के किशोरों का पूरा डाटा तैयार कर लिया गया है।
विज्ञापन
मोहाली में किशोरों का टीकाकरण शुरू।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
विस्तार
मोहाली में 15 से 18 साल के किशोरों के कोरोना टीकाकरण की शुरुआत सोमवार को हुई। सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर ने इस मुहिम का आगाज डॉ. बीआर आंबेडकर मेडिकल कॉलेज एवं सिविल अस्पताल से किया। इस दौरान 354 किशोरों ने टीकाकरण करवाया। जबकि कुछ जगह टीकाकरण को लेकर दिक्कत भी आई, क्योंकि नर्सिंग स्टाफ हड़ताल पर चल रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि जल्द ही टीकाकरण की मुहिम रफ्तार पकड़ लेगी।
विज्ञापन
जिले में 17 साल की मेहर कपूर का सबसे पहले कोरोना टीकाकरण किया गया। जबकि इसके बाद 16 साल की रीतइंद्रीप कौर और देववीर सिंह का टीकाकरण हुआ। सिविल सर्जन आदर्श पाल कौर ने बताया कि 67 हजार किशोरों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल सिर्फ कोवैक्सिन की ही खुराक दी जा रही है। किशोरों के टीकाकरण के लिए अलग से केंद्र बनाए गए हैं, जिससे टीकाकरण में किसी भी तरह की समस्या न आए। सिविल सर्जन ने बाद में फेज-3बी1 सरकारी स्कूल में चल रही कोविड टीकाकरण मुहिम का जायजा लिया।
विज्ञापन
टीकाकरण के लिए यह दस्तावेज जरूरी
सिविल सर्जन ने बताया कि 15 साल की उम्र पूरी कर चुके और 18 साल तक की उम्र वाला कोई भी किशोर टीकाकरण केंद्र में जाकर टीकाकरण करवा सकता है। उनके पास टीकाकरण के लिए तय की गई उम्र के सबूत के तौर पर उनका आधार कार्ड या कोई अन्य स्थायी दस्तावेज होना जरूरी है। अगर किसी की उम्र 18 साल से अधिक है तो वह सामान्य लोगों की तरह अपना टीकाकरण करवा सकता है, क्योंकि यह प्रक्रिया पहले की तरह चलती रहेगी।
विज्ञापन
इन चीजों को गंभीरता से लें
कोविड महामारी की संभावित तीसरी लहर के बारे में जानकारी देते हुए सिविल सर्जन ने कहा कि रोज बढ़ रहे कोरोना संक्रमितों के मामलों को देखते हुए हर किसी को पूरी सावधानी बरतने की जरूरत है। जहां कोरोना से बचाव के लिए कोरोना टीकाकरण बहुत जरूरी है, वहीं, मास्क पहनने, सामाजिक दूरी रखने और नियमित हाथ धोना जारी रखें। इसके अलावा जिन लोगों ने अभी तक पहला और दूसरा टीका नहीं लगवाया है, वह तुरंत अपना टीकाकरण करवा सकते हैं।
इसलिए जरूरी है टीकाकरण
सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौन ने बताया कि टीकाकरण 15 साल से अधिक उम्र वालों के लिए जरूरी है। क्योंकि टीकाकरण के बाद कोई भी कोविड का शिकार हो जाता है तो उसे ज्यादा दिक्कत नहीं आती है। उन्होंने लोगों को नसीहत दी है कि भीड़ से बचा जाए। अगर किसी को खांसी, सर्दी, जुकाम या अन्य तकलीफ हो तो वे सरकारी संस्थाओं में जाकर टीकाकरण करवाएं। इसके अलावा अन्य जानकारी लेने के लिए हेल्पलाइन नंबर-104 पर संपर्क किया जा सकता है।