{"_id":"8f1465f03b6ed753e3200f6a2751b989","slug":"bhim-murder-case-punjab-abohar-verka-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"अबोहर कांड में डीजीपी व होम सेक्रेटरी 17 को दिल्ली तलब","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
अबोहर कांड में डीजीपी व होम सेक्रेटरी 17 को दिल्ली तलब
ब्यूरो/अमर उजाला, (अबोहर/फिरोजपुर)
Updated Tue, 15 Dec 2015 10:19 AM IST
विज्ञापन
अबोहर के दलित युवक भीम टांक की निर्ममता से की गई हत्या के मामले में डीजीपी सुरेश अरोड़ा व होम सेक्रेटरी को अब तक हुई कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट लेकर 17 दिसंबर को दिल्ली एससी कमीशन में तलब किया गया है।
विज्ञापन
यह बात केंद्रीय एससी कमीशन के वाइस चेयरमैन राजकुमार वेरका ने सोमवार को नहरी विश्राम घर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। इस मौके पर डीआईजी अमर सिंह चहल, डीएसपी अबोहर गुरभेज सिंह व डीएसपी बल्लूआना वीरचंद विशेष रूप से मौजूद थे।
विज्ञापन
वेरका ने कहा कि दलित युवक की हुई हत्या की सूचना मिलते ही पहले उन्हाेंने अपनी टीम यहां भेजी और घटना की पूरी जानकारी मिलने के बाद वे स्वयं यहां आए हैं। जिस तरीके से दलित युवक की हत्या की गई वह पूरे पंजाब के लिए बेहद शर्मनाक घटना है, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने आरोपियाें को गिरफ्तार नहीं किया है। वेरका ने कहा कि आज संसद में भी इस मामले पर दुख व्यक्त करते हुए चर्चा की गई है। वे इस सारे मामले की रिपोर्ट राष्ट्रपति को सौंपेंगे।
विज्ञापन
17 दिसंबर को अगर डीजीपी ने आयोग के समक्ष होकर सकारात्मक कार्रवाई की फाइल पेश नहीं की तो यह मामला सीबीआई के हवाले कर दिया जाएगा। वेरका ने सरकार से मांग की है कि एससी समाज से जुड़े मामलों को फास्ट ट्रैक अदालतों में सुनवाई करवाने की व्यवस्था की जाए ताकि दलितों को शीघ्र ही न्याय मिल सके। इस पूरे मामले में शराब व्यवसायी शिव लाल डोडा के प्रतिष्ठान पर पुलिस सुरक्षा दिए जाने के सवाल पर वेरका ने कहा कि इस बारे में उन्होंने डीआईजी से रिपोर्ट ली है।
इसमें पता चला है कि यह पुलिस इसलिए लगाई गई है कि अगर मामले में नामजद आरोपी यहां आएं तो उसके बारे में पुलिस को पता चल सके। मामले में शिव लाल डोडा की संलिप्ता के सवाल पर वेरका ने कहा कि यह पुलिस का कार्य और जांच में जिसको भी शामिल होना पाया जाता है जरूर शामिल किया जाएगा।
इसके बाद वेरका मृतक भीम के घर पर गए और उनके परिजनों को सांत्वना देते हुए न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले पर आयोग अपनी नजर बनाए हुए हैं और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
तहकीकात में नहीं आया डोडा परिवार का हाथ : डीआईजी
फिरोजपुर रेंज के डीआईजी अमर सिंह चहल ने कहा है कि हनुमानगढ़ रोड पर शिव लाल डोडा के फार्म हाउस में हुए हत्याकांड के मामले में अब तक जो जांच हुई है उसमें डोडा परिवार का हाथ कहीं भी सामने नहीं आया है। बावजूद इसके वे पीड़ितों द्वारा दी गई शिकायत में दर्ज करवाए गए लोगाें के बारे में बार-बार जांच कर रहे हैं। यह बातें डीआईजी चहल ने सोमवार नहरी विश्राम घर में पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
एक आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार
मामले में नामजद आरोपियों के संदिग्ध ठिकानों का पता लगाकर पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में छापामारी की जा रही है। सोमवार सुबह विक्की पंडित नामक आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। चहल ने कहा कि मामले की जांच एसएसपी फाजिल्का की देखरेख में पुलिस टीम कर रही है। मामले में शामिल पाए जाने वाले आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा जबकि नाजायज तौर पर या राजनीतिक दबाव में किसी निर्दोष का नाम इस मामले में शामिल नहीं किया जाएगा।