आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेड लाइन पर...
कचहरी में अधिवक्ता पर हमला, तीन गिरफ्तार
कचहरी में सोमवार को अधिवक्ता पर हमला किया गया। इस पर अधिवक्ताओं ने बखेड़ा कर दिया। मामला तूल पकड़ने पर पुलिस फोर्स कचहरी में पहुंच गया व अधिवक्ताओं की शिकायत पर तीन लोग गिरफ्तार किए गए। सीसीटीवी कैमरे में भी यह घटना कैद हो गई है। घायल अधिवक्ता को जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में हमलावर और उसके दो रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया है। करीब दो घंटे तक हंगामा चला। सिविल लाइन क्षेत्र के मोहनपुर निवासी पूजा की शादी मोदीनगर निवासी आलोक से फरवरी 2020 में हुई थी। दंपती में मनमुटाव के चलते विवाद चल रहा है। उनका मामला परिवार न्यायालय में विचाराधीन है। इसी मामले में सोमवार दोपहर न्यायालय में युवती पक्ष से अधिवक्ता अजय गोस्वामी भी मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक करीब तीन लाख रुपये में दंपती के बीच समझौता हो गया। अजय गोस्वामी पूजा उर्फ स्वाति के मामा हैं और इस केस में अधिवक्ता हैं।
फिर बिगड़ने लगी हवा की सेहत कई जगह एक्यूआई 300 पार
शादियों में हुई आतिशबाजी के कारण शहर की हवा फिर से जहरीली हो गई। शाप्रिक्स मॉल, दिल्ली रोड, मेडिकल, रोडवेज सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में हवा का गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 के पार पहुंच गया। पल्लवपुरम, गंगानगर सहित अन्य कई क्षेत्रों में भी स्थिति खराब रही। दीपावली के समय सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मेरठ सहित कई शहरों में पटाखों की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया था, लेकिन अब शादियों में जमकर आतिशबाजी हो रही है।
26 कर्मचारी गैरहाजिर, कट सकता है एक दिन का वेतन
सरकारी विभागों का स्टाफ ड्यूटी के प्रति गंभीर नहीं है। अपर आयुक्त मेधा रूपम ने सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इसमें चार विभागों के 26 कर्मचारी गैरहाजिर मिले, इनका एक दिन का वेतन काटा जा सकता है और कारण बताओ नोटिस भी दिया जा सकता है। सुबह करीब 10 बजे अपर आयुक्त पहले ट्रेजरी पहुंची, यहां छह कर्मचारी नहीं थे। इसके एनआईसी में दो, नजारत में तीन और कलक्ट्रेट में सबसे ज्यादा 15 कर्मचारी गैर हाजिर थे। अपर आयुक्त एनआईसी और ट्रेजरी का हाजिरी रजिस्टर साथ लेकर चली गईं। मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कार्रवाई के लिए डीएम को लिखा गया है। शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय से अधिकारियों की कार्यशैली जांचने के लिए मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों को सीयूजी पर फोन किए गए थे, इनमें से मेरठ के अधिकारियों ने खुद सीयूजी नंबर रिसीव किए।
मवाना के रजिस्ट्रार कानूनगो को निलंबित किया
भूमाफिया से गठजोड़ कर करोड़ों की जमीन का बंदरबांट करने के आरोपों से घिरे मवाना तहसील के रजिस्ट्रार कानूनगो बिजेंद्र कुमार पर आखिरकार गाज गिर ही गई। डीएम ने उन्हें निलंबित कर दिया। कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। बिजेंद्र कुमार एक दशक से मवाना तहसील में रजिस्ट्रार कानूनगो के पद पर जमे हैं। उनके खिलाफ शिकायत थी कि उन्होंने भूमाफिया के साथ मिलकर गांव गजुपुरा में झील की करीब 2500 बीघा जमीन का दूसरों के नाम पर दाखिल खारिज करा दिया है। राजस्व अभिलेखों में इस जमीन को जिनके नाम किया गया था, उनमें अधिकांश लोग दिल्ली के रहने वाले हैं।
रुक नहीं रहा कोरोना छह नए मरीज मिले
कभी कम कभी ज्यादा, पर कोरोना रुक नहीं रहा है। 3529 सैंपलों में कोरोना के छह नए मरीज मिले हैं। यह संख्या रविवार से लेकर सोमवार दोपहर 12 बजे तक मिले मरीजों की है। सूत्रों का कहना है कि मंगलवार की रिपोर्ट में मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है, क्योंकि सोमवार को ज्यादा सैंपलों की जांच हुई है जिनमें अधिक संख्या में मरीज मिले हैं। मरीजों की कुल संख्या 21,443 हो गई है। 21 मरीजों की छुट्टी हुई है, इस तरह अब तक 20,969 मरीजों की छुट्टी हो चुकी है। अब तक 409 लोगों की मौत हो चुकी है। 31 लोग होम आइसोलेशन में हैं। नए मरीजों में तीन नए केस हैं और तीन पुराने मरीजों के संपर्क वाले हैं। स्टूडेंट, नौकरीपेशा, कारोबारी और घरेलू महिला शामिल हैं। ये मरीज कंकरखेड़ा, खड़ौली, कल्याण सिंह मवाना, विक्योरिया पार्क स्पोर्ट्स कॉलोनी, रुड़की रोड और रजबन निवासी हैं।
शास्त्री नगर में युगल ने जहरीला पदार्थ खाया, प्रेमिका की मौत
शास्त्री नगर स्थित एक होटल में प्रेमी युगल ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। मेडिकल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
जहां प्रेमिका की मौत हो गई, जबकि प्रेमी की हालत गंभीर बनी हुई है। मूल रूप से सोनीपत निवासी मोनू सामी (21) पुत्र सुल्तान का मेरठ में ननिहाल है। मोनू का लिसाड़ी गेट जाकिर कॉलोनी निवासी सुमाइला (21) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सोमवार को दोनों घर से फरार हो गए। शाम करीब 6ऱ्00 बजे शास्त्री नगर स्थित पीवीएस मॉल के समीप होटल में दोनों ने एक कमरा बुक कर लिया। यहां दोनों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। होटल कर्मचारियों ने पुलिस को जानकारी दी। इंस्पेक्टर मेडिकल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर सुमाइला की मौत हो गई, जबकि मोनू की हालत गंभीर बनी हुई है।
बोर्ड बैठक में सभासद ने किया आत्मदाह का प्रयास
सरधना नगर पालिका बोर्ड बैठक के दौरान सोमवार को वार्ड 23 के सभासद अफजाल मंजूर ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। सभासद ने वार्ड में विकास कार्य न होने और कोरोना के दौरान खर्च किए गए 46 लाख रुपये का ब्योरा उपलब्ध नहीं कराने पर नाराजगी जताई। इस दौरान एसडीएम के गनर व सभी सभासदों ने उन्हें रोका। पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एसडीएम के आदेश और पालिका कर्मचारी मुनीष की तहरीर पर पुलिस ने सभासद के खिलाफ केस दर्ज किया। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में कार्यकारी ईओ एसडीएम अमित कुमार भारतीय और चेयरपर्सन सबीला बेगम मौजूद रहीं। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2021-2022 का आय व्यय का ब्यौरा पेश किया गया। इसी बीच सभासद अफजाल मंजूर ने बोतल से खुद पर केरोसिन डाल लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अफजाल मंजूर को हिरासत में ले लिया। हंगामे के बाद एसडीएम ने बोर्ड बैठक बीच में ही खत्म करने की बात कही।
ससुरालियों ने नहीं खोला दरवाजा धरने पर परिजनों संग बैठी विवाहिता
मायके से ससुराल पहुंची विवाहिता के लिए ससुराल वालों ने दरवाजा नहीं खोला तो वह गेट पर ही धरने पर बैठ गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ससुरालियों ने गेट खोलने से इंकार कर दिया। विवाहिता का कहना है कि जब तक ससुराल में प्रवेश नहीं मिलता, वह गेट के सामने से नहीं हटेंगी। दिल्ली रामा विहार निवासी गीता की शादी 27 नवंबर, 2020 को शास्त्रीनगर आरटीओ रोड निवासी गौरव गुप्ता से हुई थी। गीता के भाई अनुज ने बताया कि शादी के एक महीने बाद ही ससुराल पक्ष ने उनकी बहन को परेशान करना शुरू कर दिया था। कई बार मायके पक्ष ने मामला शांत कराया और वापस लौट गए। लेकिन फिर भी उसकी बहन को परेशान किया जाता रहा। रविवार को वह बहन की ससुराल पहुंचे और पुलिस की मदद से उसे लेकर लौट गए थे।
राज्य विवि में सीसीएसयू अव्वल
सीसीएसयू ने प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों में डंका बजा दिया। प्रदेशभर के राज्य विवि में सीसीएसयू पहले नंबर पर रहा। प्रदेश के केंद्रीय और दूसरे विवि की सूची में नौंवा स्थान प्राप्त कर सीसीएसयू ने बड़ी छलांग लगाई है। विश्वविद्यालयों की रैंकिंग देने वाली एजेंसी एडू रैंक वेबसाइट की ओर से सोमवार को विश्वविद्यालयों की रैंकिंग जारी की गई है। देशभर में चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी 66वें स्थान पर आई है। प्रदेश के केंद्रीय, प्राइवेट और राज्य विश्वविद्यालयों में नौवां स्थान प्राप्त हुआ है। राज्य विवि में सीसीएसयू पहले स्थान पर आ गया है। कुलपति प्रो. एनके तनेजा का कहना है कि कोरोना महामारी के दौरान विवि ने सभी प्रमाण पत्रों के आवेदन ऑनलाइन किए। ऑनलाइन पढ़ाई के साथ परीक्षाएं समय से पूरी कराकर रिजल्ट जारी किया गया। प्रो. एनके तनेजा कहते हैं कि विवि में लगातार नए कार्य कराए जा रहे हैं, कोशिश है कि विवि को देश के टॉप 10 विवि की सूची में दर्ज कराएं।
सरधना में एक महिला आत्महत्या के इरादे से नहर में कूद गई। इसके बाद पीआरवी के जवानों ने समय रहते महिला को बाहर निकाल लिया। महिला को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
... Read More