सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें-
मेरठ में कोरोना से एक दिन में 15 लोगों की मौत, 1278 मिले नए मरीज
मेरठ में कोरोना के एक दिन में 1278 मरीज मिले, जबकि भाजपा के जिला महामंत्री समेत 15 लोगों की मौत हो गई। 12 मौत मेडिकल कॉलेज में और तीन निजी अस्पतालों में हुई हैं। इनमें 12 मेरठ के थे और तीन दिल्ली, शामली और गाजियाबाद के जिलों के रहने वाले। इनमें दो महिलाएं थीं और बाकी पुरुष शामिल थे। भाजपा के जिला महामंत्री शर्माजीत जाटव का भी मेडिकल कॉलेज में निधन हो गया है। वह कोविड-19 पॉजिटिव थे।
मेरठ में भाजपा जिला मंत्री समेत दो की मौत
मेरठ में सरधना क्षेत्र के कस्बा सिवाल खास निवासी एवं भाजपा जिला मंत्री शर्माजीत जाटव की कोरोना संक्रमण के चलते उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। शर्माजीत के निधन की जानकारी पर कस्बा सिवाल खास में शोक की लहर दौड़ गई।
मेरठ में मुस्लिम भाइयों के कंधों पर हिंदू बहन की अंतिम यात्रा, पेश की सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल
मेरठ में हर ओर बेबसी है। आंखों के आंसू तक सूख गए हैं। संकट काल में अपनों ने भी मुंह मोड़ लिया है। सुख-दुख की पूछना तो दूर कंधा देने तक नहीं आ रहे हैं। एक ओर जहां अपने दूरी बना रहे हैं, वहीं मुस्लिम समाज के लोगों ने हिंदू बहन का अंतिम संस्कार कराकर सौहार्द की मिसाल भी पेश की है।
अपने छोड़ रहे साथ, मां की अर्थी उठवाने के लिए बुलाने पड़े मजदूर
मेरठ में जवाहर नगर निवासी एक युवक की मां की बीमारी के चलते मौत हो गई। उसने रिश्तेदारों को फोन किया, लेकिन कंधा देने के लिए कोई नहीं आया। युवक और उसके भाई को मां की अर्थी उठवाने के लिए 500 रुपये देकर दो मजदूर करने पड़े।
बागपत में अस्पताल में संवेदनहीनता की हदें पार, फर्श पर तड़प रहे मरीज
बागपत में कोरोना संक्रमित मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के दावों की पोल खोलता एक वीडियो बुधवार को वायरल हो गया। यह वीडियो सरूरपुरकलां कोविड अस्पताल का बताया जा रहा है। इस वीडियो में फर्श पर मरीज तड़पते दिख रहे हैं। महिला का अर्द्धनग्न शव भी बेड से नीचे पड़ा दिखाई दे रहा है।
मेरठ में व्यापारी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, बड़ा बेटा निकला वारदात का मास्टरमाइंड
मेरठ में कोयला कारोबारी अरुण जैन की हत्या का मास्टरमाइंड उनका बेटा ही निकला। पुलिस ने बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि कारोबारी का बेटा अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था। उसके पिता इस शादी का विरोध कर रहे थे।
बागपत में स्वास्थ्य विभाग की टीम पर हमला
बागपत के किरठल गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। कोरोना के कई मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में जांच करने पहुंची थी। बताया गया कि डॉ. मंसूर अहमद, डॉ. शिखा चौधरी समेत ड्राइवर सौरभ के साथ ग्रामीणों ने अभद्रता की। इसके बाद टीम पर हमला कर दिया। ड्राइवर सौरभ की आंख बाल-बाल बची। उसके सिर में भी गंभीर चोट आई है।
अस्पतालों में बेड नहीं, घरों के लिए ऑक्सीजन नहीं
मेरठ शहर के अधिकतर अस्पतालों में कोरोना मरीजों के लिए बेड नहीं है। काफी संख्या में मरीज घरों पर ही उपचार ले रहे हैं, लेकिन जिलाधिकारी की ओर से अस्पतालों को ही प्राथमिकता से ऑक्सीजन देने के निर्देश के बाद तीमारदारों की चिंता और बढ़ गई। इस संबंध में संयुक्त व्यापार समिति ने कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि घरों पर इलाज करवाने वालों के लिए भी ऑक्सीजन मिलनी चाहिए।
... Read More