सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें-
मेरठ में कई निजी अस्पतालों ने नए संक्रमित भर्ती करने से किया इनकार
मेरठ में ऑक्सीजन की किल्लत से कोरोना का इलाज कर रहे अस्पताल ही 'वेंटिलेटर' पर आ गए हैं। अस्पतालों में लगातार ऑक्सीजन खत्म हो रही है। अलग-अलग अस्पतालों में पिछले 24 घंटे में 30 लोगों की मौत हुई है। इनमें 22 मौत कोरोना से हुई हैं, जबकि आठ मौतें कोरोना संदिग्धों की हैं। ऑक्सीजन के संकट से जूझ रहे केएमसी अस्पताल में पिछले 24 घंटे में नौ लोगों की मौत हुई है। उधर, ऑक्सीजन की कमी के कारण घरों में रहने वाले ज्यादातर मरीज तड़प रहे हैं। कई निजी अस्पतालों ने नए मरीजों को भर्ती करने तक से हाथ खड़े कर दिए। इनके प्रबंधन का कहना है कि उन्हें मांग के अनुरूप ऑक्सीजन नहीं मिल रही है। पहले से भर्ती मरीजों को ही ऑक्सीजन नहीं दे पा रहे हैं।
मेरठ के एक गांव में शराब पीने से नौ लोगों की मौत
मेरठ के थाना इंचौली क्षेत्र के साधारणपुर गांव में शराब पीने से पिता पुत्र सहित नौ लोगों की मौत हो गई। इस गांव में दो दिन में ही लगातार इतनी मौतें होने से हड़कंप मच गया। पंचायत चुनाव के दौरान कुछ दिन से गांव में शराब बांटी जा रही थी। माना जा रहा है कि इसी शराब को पीने के बाद हालत बिगड़ी। हैरत की बात यह रही कि सोमवार देर रात तक पुलिस बीमारी से मौतें होने का दावा करती रही और लोग दम तोड़ते रहे।
कोरोना संक्रमण के बीच 73.25 फीसदी मतदान
मेरठ में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच जिले के 12 ब्लॉक में छिटपुट घटनाओं के बीच 73.25 फीसदी मतदान संपन्न हुआ। जिले में 9455 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया। दो मई को मतगणना होगी। 12 ब्लॉक में सबसे अधिक मवाना में 80 प्रतिशत और सबसे कम 65 प्रतिशत खरखौदा ब्लॉक में हुआ। वहीं सरधना ब्लॉक के फलावदा में दो पक्षों के आमने-सामने आने से पत्थरबाजी हुई।
अंतरराष्ट्रीय शूटर दादी चंद्रो तोमर की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति बटोरी और राष्ट्रीय स्तर पर 50 से अधिक पदक जीतकर कामयाबी हासिल करने वाली बागपत के जौहड़ी गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय शूटर दादी चंद्रो तोमर की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आ गई है। फिलहाल उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती किया है, जहां पर दादी को सांस लेने में दिक्कत महसूस हो रही थी। अब शूटर दादी चंद्रो तोमर की तबीयत ठीक बताई जा रही है। उनकी पोती शूटर सीमा तोमर का कहना है कि जल्द ही छुट्टी मिल जाएगी।
कोरोना पर वार: मेरठ में आज से बंद होगा 80 फीसदी बाजार
मेरठ में कोरोना महामारी को देखते हुए शहर के अधिकतर व्यापार संघों ने स्वैच्छिक रूप से अगले सात दिन तक बंदी की घोषणा कर दी है। कुछ व्यापारी 30 अप्रैल तक प्रतिष्ठान बंद रखेंगे। ऐसे में मंगलवार को शहर के 80 फीसदी बाजार बंद रहेंगे। दो दिन के कोरोना कर्फ्यू को मिलाकर अब यह 10 दिन की बंदी हो जाएगी। सोमवार को संगठनों की ओर से हुई बैठकों में यह निर्णय लिया गया।
मेरठ में कोरोना के 1245 मरीज मिले
मेरठ में कोरोना की तेज रफ्तार जारी है। सोमवार को 1245 मरीज मिले। हर सातवां व्यक्ति संक्रमित मिला है। नए मरीजों में ज्यादा गंगानगर, ब्रह्मपुरी, शास्त्री नगर, जागृति विहार, ब्रह्मपुरी, कंकरखेड़ा, औरंगाबाद, भगवानपुर, कुशावली, संजय नगर, साबुन गोदाम और राजेंद्र नगर आदि के रहने वाले हैं।
मेरठ में 24 घंटे में 95 शवों के लिए खरीदा गया अंतिम संस्कार का सामान
मेरठ में कोरोना संक्रमण बढ़ने और चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु हो रही है। सरकारी आंकड़े चाहे कुछ भी हों, सोमवार को 24 घंटे में शहर में अलग-अलग धर्म के 95 लोगों के अंतिम संस्कार का सामान गंगा मोटर कमेटी के रोडवेज स्थित कार्यालय से खरीदा गया। सूरजकुंड श्मशान घाट पर 72 लोगों का अंतिम संस्कार किया गया, इनमें 26 कोरोना पॉजिटिव बताए गए। वहीं 23 लोगों का शहर के अन्य श्मशान घाटों में अंतिम संस्कार किया गया।
... Read More